मुकेश अंबानी लाएंगे ‘देसी स्‍टारलिंक’, Jio ने की Starlink से मुकाबले की तैयारी

Starlink vs Jio India : इंटरनेट की दुनिया में भारत स्टारलिंक का जवाब पेश करने की तैयारी कर रहा है। दरअसल रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सैटेलाइट कम्युनिकेशन स्पेस में कदम रखने का मन बना लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार मुकेश अंबानी एलन मस्क की स्टारलिक को टक्कर देने की पूरी तैयारी में हैं। दरअसल रिलायंस लो अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट्स में अरबों डॉलर निवेश करने की योजना बना रहा है। इससे भारत अपना खुद का सैटलाइट इंटरनेट नेटवर्क खड़ा कर सकेगा।

देसी स्टारलिंक लाएगा Jio?

रिपोर्ट्स के अनुसार, रिलायंस अपनी टेलिकॉम यूनिट Jio Platforms के तहत सैटेलाइट प्रोजेक्ट को खड़ा करना चाह रहा है। Jio चाहता है कि वह इस क्षेत्र का अहम खिलाड़ी बन सके। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए Jio ने छह अलग-अलग टीमें बनाई हैं, जो सैटेलाइट्स, लॉन्चिंग, पेलोड और यूजर टर्मिनल्स जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर काम कर रही हैं।

कुछ महीनों से इस पर युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। इस सिलसिले में रिलायंस कई सैटेलाइट टेक्नोलॉजी फर्मों के साथ बैठकें कर रही है। कंपनी किसी बनी-बनाई सैटेलाइट कंपनी को खरीदने के विकल्पों पर भी विचार कर रही है।

ऐसा करना क्यों जरूरी है?

भारत सरकार चाहती है कि देश का अपना सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम हो। ग्लोबल स्तर पर चीन और अन्य देशों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए भारत के लिए अपना नेटवर्क होना ज्यादा सुरक्षित है। वहीं अगर सैटेलाइट इंटरनेट सर्विसके लिए स्टारलिंक जैसी दूसरे देशों की तकनीक पर निर्भर रहा जाए, तो यह डेटा प्राइवेसी के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है। अपना सैटेलाइट सिस्टम होने से भारत को डिजिटल संप्रभुता मिलेगी और डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

स्टारलिंक से मिलेगी चुनौती?

रिलायंस अभी इस क्षेत्र में पैर रखने की सोच रहा है लेकिन स्टारलिंक पहले ही मार्केट में अपनी पैठ बना चुका है। इसके अलावा इस क्षेत्र में Amazon Leo भी बड़ा दावेदार बनकर उभर रहा है। वहीं सुनील मित्तल की भारती ग्रुप भी यूटेलसैट में एक बड़ा निवेशक है। यही वजह है कि रिलायंस भी इस क्षेत्र में कुछ बड़ा करना चाह रहा है।

भले ही अभी यह बातचीत शुरुआती दौर में है और इसके लिए कोई निश्चित समय सीमा तय नहीं है, लेकिन मुकेश अंबानी की अगुवाई में रिलायंस का इरादा इस स्पेस में अपनी धाक जमाने का बिल्कुल साफ है।