हिमाचल पंचायत चुनाव, ढोल-नगाड़ों के साथ नॉमिनेशन: आज-कल और 11 मई को भरे जाएंगे नामांकन

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए आज (7 मई) से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कई जगह दावेदार ढोल-नगाड़ों और समर्थकों के साथ नॉमिनेशन भरने पहुंच रहे हैं। इस दौरान प्रत्याशी भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं।

राज्य की पंचायतों में 31 हजार 214 पदों के लिए तीन दिन सात, आठ और 11 मई को नॉमिनेशन भरे जाएंगे। इनकी छंटनी 12 मई को होगी, जबकि 14 व 15 मई को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। 15 मई को दोपहर तीन बजे नॉमिनेशन वापसी के साथ ही चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

इसी दिन चुनाव लड़ने वाले दावेदारों की तस्वीर साफ होगी और पता चलेगा कि किस पद के लिए कितने दावेदार मैदान में डटे हैं। राज्य में 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में मतदान होगा। प्रधान, उप प्रधान और वार्ड मेंबर के मतों की गणना पंचायत मुख्यालय में होगी।

जिला परिषद-बीडीसी की 31 मई को मतगणना

रिजल्ट मतदान वाले दिन ही आएंगे और उसी दिन घोषित होंगे, जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना ब्लॉक स्तर पर 31 मई को करवाई जाएगी।

शिमला में कलबोग जिला परिषद वार्ड के लिए रेखा चौहान का नामांकन भरने जाते हुए महिलाएं और उनके समर्थक।
3754 प्रधान चुने जाएंगे

प्रदेश में इस बार 3,754 प्रधान, 3,754 उप प्रधान, 21 हजार 654 वार्ड सदस्य, 1,769 बीडीसी और 251 जिला परिषद सदस्य चुने जाएंगे। कुल 31 हजार 214 जनप्रतिनिधियों के चुनाव के लिए 50 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

चुनाव प्रक्रिया के लिए प्रदेशभर में 21 हजार 678 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनकी लिस्ट आज जारी की जाएगी। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि जहां मतदाताओं की संख्या अधिक होगी, वहां सहायक मतदान केंद्र भी बनाए जाएंगे। महिला मतदाताओं के लिए अलग मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।

प्रदेश में आज से नॉमिनेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। मगर चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों में जरूरी दस्तावेजों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है और वे विभिन्न दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। स्टेट इलेक्शन कमीशन के अनुसार- 10 तरह के दस्तावेज नॉमिनेशन के साथ जमा करने होंगे।

सबसे पहले असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) से नॉमिनेशन फॉर्म-18 लेना होता है और इसे सही ढंग से भरना होता है। इसी तरह, पंचायत सेक्रेटरी द्वारा जारी फॉर्म 18(क) को भी ध्यान से भरना होता है। इसी तरह 18(ख) भी भरना जरूरी है।