पटना; पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण पूरे बिहार में मौसम का मिजाज बदला-बदला बना हुआ है. अधिकांश जिलों में वर्षा, तेज हवाएं तो बीच-बीच में धूप भी निकल रही है, परंतु तापमान में गिरावट भी देखने को मिली. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज शुक्रवार को राज्य के 14 जिलों में वर्षा की संभावना जताई है, लेकिन अन्य 24 जिलों के लिए कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है. इन जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान बढ़ने की संभावना है.
खासकर दक्षिण बिहार में पटना सहित सभी जिलों का तापमान आज 2 से 3 डिग्री की बढ़ने का अनुमान है. उत्तर बिहार के पूर्वी और मध्य में इलाके में हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने आज पूर्वी इलाके के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार जिलों में मध्य स्तर की बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में मेघ गर्जन, कहीं-कहीं वज्रपात और कुछ जगह पर तेज हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है.
मौसम विभाग ने क्या संभावना जताई?
मौसम विभाग ने मध्य इलाके के मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा में हल्की बारिश या बादल छाए रहने की संभावना है. मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और वैशाली में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान है. हालांकि, तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. इसके अलावा उत्तर बिहार के पश्चिमी इलाके और दक्षिण बिहार के सभी जिलों में आज सुबह से कड़ी धूप के साथ तापमान में वृद्धि की संभावना जताई गई है. हालांकि, दक्षिण बिहार में बीते गुरुवार से ही तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है, लेकिन अभी तक किसी जिले में हीट वेव की स्थिति नहीं बनी है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह रहा है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों में हीट वेव की स्थिति बन सकती है और एक बार फिर भीषण गर्मी से बिहार के लोग परेशान होंगे.
आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
आज का तापमान भी 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने क्या पूर्वानुमान है. पटना में भी आज बारिश नहीं होने के साथ गर्मी बढ़ने की सम्भावना है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार रविवार (10 मई) को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे उत्तर बिहार में बारिश की स्थिति बन सकती है, लेकिन इससे दक्षिण बिहार के मौसम में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है. गुरुवार (7 मई) को बिहार कई जिलों में वर्षा दर्ज की गई, लेकिन तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखने को मिला.
बिहार के कई जिलों में बारिश
बुधवार (6 मई) दोपहर से गुरुवार (7 मई) दोपहर 12 बजे तक (24 घंटे) सबसे अधिक वर्षा पूर्वी चंपारण में 59.2 मिलीमीटर, सिवान 54.2, समस्तीपुर 52.6, मधेपुरा 42.6,मुजफ्फरपुर 42.02, बेगूसराय 38.8,दरभंगा 37.8, सारण 36.02, पूर्णिया 35.4, मधुबनी 35, सुपौल 34.4, गोपालगंज 34.2,जमुई 32.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा गुरुवार की शाम को मौसम विभाग ने गया, जहानाबाद, लखीसराय, नवादा, शेखपुरा, भागलपुर, खगड़िया,मुंगेर, नालंदा,मधेपुरा, सहरसा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. हलांकि, की बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को अधिकांश जिलों के तापमान में वृद्धि देखने को मिली. राजधानी पटना में दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 32.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. सबसे अधिक तापमान भभुआ (कैमूर) में 36 डिग्री सेल्सियस रहा. अधिकतर जिलों में तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच दर्ज रहा, जबकि सबसे कम तापमान मुजफ्फरपुर में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.