मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर की सड़कों पर फिल्मी स्टाइल में मॉडिफाइड थार दौड़ाकर रौब झाड़ना एक युवक को महंगा पड़ गया। तेज प्रेशर हॉर्न–हूटर, कानफोड़ू म्यूजिक और दबंगई वाले अंदाज़ में सड़क पर निकल रहे युवक की पूरी “रैंगलर वाली फील” उस वक्त निकल गई, जब पुलिस ने पीछा कर उसकी थार को बीच सड़क पर पकड़ लिया।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के बाननगर रेलवे फाटक का है। गुरुवार देर शाम करीब 8 बजे रोहाना चौकी इंचार्ज मोहित कुमार अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी दूर से तेज आवाज में म्यूजिक और हूटर बजाती दिल्ली नंबर की एक काली थार सड़क पर एंट्री मारती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी रोकने का इशारा किया, लेकिन थार चालक ने रुकने के बजाय और रौब झाड़ते हुए गाड़ी दौड़ा दी।
इसके बाद पुलिस ने भी फिल्मी अंदाज़ में पीछा शुरू कर दिया और कुछ दूरी पर थार को घेरकर रोक लिया। जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो अंदर का नज़ारा देखकर टीम भी दंग रह गई। थार को पूरी तरह देसी रैंगलर बनाने की कोशिश की गई थी।
गाड़ी में हाई पावर म्यूजिक थिएटर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और अलग-अलग मॉडिफिकेशन लगाए गए थे। इतना ही नहीं, गाड़ी में मजदूरों वाला बेलचा भी फिट था, ताकि सड़क पर गाड़ी और ज्यादा खतरनाक दिखाई दे।
पूछताछ में चालक की पहचान दीदाहेड़ी निवासी जावेद के रूप में हुई। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत करीब 23 हजार रुपये का चालान काटते हुए थार को सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद युवक का सारा रौब उतर गया और उसे पैदल ही घर लौटना पड़ा।
पुलिस का कहना है कि सड़कों पर स्टंटबाज़ी, हूटरबाज़ी और अवैध मॉडिफिकेशन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में ऐसे वाहनों पर और सख्ती की जाएगी।