‘शादी नहीं करनी थी तो मना कर देती, जान क्यों ली…?’ मर्डर केस पर हिना खान का फूटा गुस्सा

Ketan Agarwal Murder Case: टीवी की मशहूर और बेबाक एक्ट्रेस हिना खान हमेशा सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखती हैं. वो अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं और जो भी उनके दिल में होता है, वो साफ-साफ कह देती हैं. अब हिना खान ने पुणे के रहने वाले 26 साल के केतन अग्रवाल की मौत के मामले पर अपना गहरा दुख और गुस्सा जाहिर किया है. इस दुखद घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. एक्ट्रेस ने पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग करते हुए इस मामले पर अपनी आवाज उठाई है.

उनका पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है. पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया. इस दर्दनाक घटना से हर कोई हैरान और बेहद परेशान है. आम जनता से लेकर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग भी इस घटना से परेशान नजर आ रहे हैं. शुरुआत में पुलिस इस मामले को महज ट्रैकिंग के दौरान हुआ एक हादसा मान रही थी और उसी हिसाब से जांच कर रही थी, लेकिन अब इस केस में एक ऐसा चौंकाने वाला मोड़ आ गया है, जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए. पुलिस अब इस मामले की नए सिरे से जांच कर रही है.

मंगेतर सिया की करतूत पर भड़कीं हिना
पुलिस की नई जांच में ये बात सामने आई है कि केतन अग्रवाल को उनकी मंगेतर ने ही धक्का देकर नीचे गिराया था. अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच मर्डर के एंगल से कर रही है. इस डरावने खुलासे के बाद हिना खान ने सोशल मीडिया पर अपनी राय रखी है और केतन की मंगेतर सिया गोयल पर जमकर निशाना साधा है. हिना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘अगर सिया को केतन से शादी नहीं करनी थी, तो वो सीधे मना कर सकती थी’. हिना ने आगे लिखा, ‘आज के हालात देखकर कुछ समझ नहीं आता’.

हिना खान ने सोच पर उठाए सवाल
उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में आगे लिखा, ‘क्या आज के समय में सच सुनना और सच बोलना इतना मुश्किल हो गया है कि लोग सच छुपाने के लिए किसी की जान तक ले सकते हैं?’. टीवी एक्ट्रेस ने समाज की इस कड़वी सच्चाई पर अफसोस जताते हुए पोस्ट में आगे लिखा, ‘सच्चाई को स्वीकार करने से ज्यादा आसान आज लोगों को किसी की जिंदगी खत्म करना लगता है’. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर लोग ऐसा क्यों करते हैं? हिना ने अपनी इस भावुक और गुस्से से भरी पोस्ट के साथ हैशटैग केतन मर्डर केस भी शेयर किया है.

मंगेतर ही निकली कातिल
बता दें, 18 जून को लोहागढ़ किले पर ट्रैकिंग के दौरान खाई में गिरने से केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में एक हैरान करने वाला सच सामने आया है. असल में केतन की मंगेतर सिया गोयल’ने अपने कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर उसकी हत्या की यह खौफनाक साजिश रची थी. दोनों ने मिलकर केतन को किले से नीचे धक्का दे दिया था. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी मंगेतर और उसके बॉयफ्रेंड दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.