शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के कोटखाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामनगर के पास खौला गांव में सोमवार को एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ठियोग के डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान 53 वर्षीय जोगिंदर सिंह पुत्र स्व. बालक राम निवासी गांव खौला, डाकघर कोईनल, तहसील कोटखाई, जिला शिमला, 45 वर्षीय राजेश विष्ट और 39 वर्षीय एकेंद्र शाही निवासी नेपाल के रूप में हुई है। दुर्घटना में घायल हुए चार लोगों की पहचान साजन, नेव बहादुर, दिल बहादुर और लक्ष्मी के रूप में हुई है, जो सभी नेपाल के जिला सल्यान के रहने वाले बताए गए हैं। इन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोटखाई पहुंचाया गया। इलाज के दौरान साजन की पत्नी लक्ष्मी ने भी दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल दिल बहादुर को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है, जबकि साजन और नेव बहादुर का इलाज सीएचसी कोटखाई में चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस संबंध में कोटखाई पुलिस ने सुंदर सिंह के बयान पर बीएनएस की धारा 173 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।