नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में अब तक कई विवाद हो चुके हैं. इसमें सबसे ताजा मामला पंजाब किंग्स के गेंदबाज युजवेंद्र चहल का है. उनका फ्लाइट में ई सिगरेट पीते वीडियो सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर हंगामा मचा हुआ है. इसमें अब पूर्व भारतीय स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने कुछ ऐसा कहा जिसने नया विवाद पैदा कर दिया है. उन्होंने पंजाब किंग्स (PBKS) के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
युजवेंद्र चहल पर आरोप है कि उन्होंने हैदराबाद की फ्लाइट में वेप/ई-सिगरेट का इस्तेमाल किया. इसका वीडियो अर्शदीप सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया था. यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, क्योंकि चहल आईपीएल 2026 के दौरान वेप का इस्तेमाल करते पकड़े जाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं. इससे पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान रियान पराग को PBKS के खिलाफ मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेप का इस्तेमाल करते पकड़ा गया था. उन्हें मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया था. शिवरामकृष्णन का मानना है कि 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना बहुत कम है. वे चाहते हैं कि चहल को जेल भेजा जाए.
शिवरामकृष्णन ने एक्स पर लिखा, “भारत में वेप बैन है. उन्हें जेल में होना चाहिए. कानून बनाकर अगर उन्हें लागू नहीं किया जाए तो उसका क्या फायदा. मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना तो बहुत कम है. अगर कोई आम आदमी ऐसा करता तो उसके खिलाफ क्या कार्रवाई होती?”
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एडवाइजरी में लिखा, “ड्रेसिंग रूम और टूर्नामेंट वेन्यू के अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में वेपिंग के मामले बीसीसीआई के संज्ञान में आए हैं. यह बताना जरूरी है कि भारत के लागू कानून के तहत वेप और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंधित हैं. टूर्नामेंट परिसर में ऐसा करने वाला कोई भी व्यक्ति न सिर्फ बीसीसीआई और आईपीएल के नियमों का उल्लंघन कर रहा है, बल्कि लागू कानून के तहत संज्ञेय अपराध भी कर सकता है.”
उन्होंने आगे कहा, “आईपीएल के सभी टूर्नामेंट वेन्यू, जिसमें ड्रेसिंग रूम, डगआउट, टीम होटल और प्रैक्टिस फैसिलिटी शामिल हैं, वहां वेप, ई-सिगरेट और सभी प्रतिबंधित पदार्थों का इस्तेमाल पूरी तरह से बैन है.”