यूपी में योगी कैबिनेट विस्तार, भूपेंद्र चौधरी-मनोज पांडे समेत छह बने मंत्री; दो प्रमोट

UP Yogi Cabinet News: यूपी में योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस विस्तार में छह नए मंत्री बनाए गए हैं। इनमें भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, अजीत पाल समेत कई लोग शमािल हैं। इसके अलावा दो राज्यमंत्रियों का प्रमोशन भी हुआ है।

अजीत पाल का भी प्रमोशन, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के रविवार को हुए दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के तहत राज्य मंत्री अजीत पाल का ओहदा बढ़ाते हुए उन्हें स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री की शपथ लेने वाले दूसरे मंत्री अजीत सिंह पाल को बुंदेलखंड-कानपुर क्षेत्र में पिछड़े वर्ग का एक प्रमुख चेहरा माना जाता है। गड़ेरिया बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले पाल कानपुर देहात जिले की सिकंदरा सीट से विधायक हैं। ओहदा बढ़ाये जाने से पहले तक वह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री के पद पर थे।

राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर का प्रमोशन, राजभवन में ली मंत्रीपद की शपथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के रविवार को हुए दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के तहत राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर का ओहदा बढ़ाते हुए उन्हें स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘जन भवन’ में आयोजित समारोह में तोमर और पाल को स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई। गुर्जर बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले तोमर मेरठ दक्षिण सीट से दूसरी बार के विधायक हैं। दर्जा बढ़ाये जाने से पहले तक वह ऊर्जा राज्य मंत्री के पद पर थे। तोमर वर्ष 2017 में पहली बार मेरठ दक्षिण सीट से विधायक चुने गये थे। उसके बाद साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने इसी सीट से जीत हासिल की थी।

हंसराज विश्वकर्मा ने ली मंत्री पद की शपथ

विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा ने ली मंत्री पद की शपथ। दो बार से भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा पिछले 34 वर्षों से पिछड़ों की राजनीति कर रहे हैं। पार्टी ने इसी समीकरण की वजह से 2023 में विधान परिषद के लिए मनोनीत की। अब योगी मंत्रिमंडल में नाम आने की सूचना पर शनिवार शाम हंसराज लखनऊ पहुंच गए थे। हंसराज ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसे सभी कार्यकर्ताओं का आशीर्वाद बताया।

कैलाश सिंह राजपूत ने ली राज्य मंत्री पद की शपथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के तहत रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कैलाश सिंह राजपूत को राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘जन भवन’ में आयोजित समारोह में राजपूत को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय के शीर्ष नेताओं में गिने जाने वाले राजपूत वर्तमान में कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक हैं। उन्होंने वर्ष 1996 में पहली बार इसी सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। उसके बाद वह साल 2007 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर तिर्वा से ही विधायक चुने गये थे। साल 2017 में वह एक बार फिर भाजपा से जुड़े और चुनाव जीतकर तीसरी बार और फिर 2022 में भी इसी सीट से चौथी दफा विधायक बने। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लंबे समय से जुड़े रहे राजपूत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के करीबी सहयोगी माने जाते हैं।

दलित वर्ग की नेता कृष्णा पासवान ने ली राज्य मंत्री पद की शपथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के तहत रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक कृष्णा पासवान ने राज्य मंत्री मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘जन भवन’ में आयोजित समारोह में कृष्णा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। फतेहपुर जिले की खागा सीट से भाजपा विधायक कृष्णा पासवान की गिनती क्षेत्र की प्रमुख दलित नेताओं में की जाती है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में समाज में बदलाव के लिये संघर्ष से राजनीति में कदम रखने वाली कृष्णा वर्ष 2022 में चौथी बार विधायक चुनी गई हैं। कृष्णा पासवान वर्ष 2007 में भाजपा के टिकट पर किशुनपुर सीट से पहली बार विधायक बनी थीं। उसके बाद वह वर्ष 2012, 2017 और 2022 में लगातार तीन बार खागा सीट से विधायक चुनी गईं। उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में कृष्णा पासवान को शामिल किये जाने को दलितों को पार्टी से जोड़ने के मकसद से जोड़कर देखा जा रहा है।

सुरेंद्र दिलेर ने ली मंत्री पद की शपथ

रविवार को योगी मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। राजभवन में राज्यपाल ने सुरेंद्र दिलेर को मंत्री पद की शपथ दिलाई। भाजपा ने तीसरी पीढ़ी पर भरोसा जताते हुए सुरेंद्र दिलेर को खैर उपचुनाव में अनूप प्रधान की जगह मैदान में उतारा था। उन्होंने सपा प्रत्याशी चारू कैन को 38,393 मतों से हराकर पहली बार विधानसभा पहुंचने में कामयाबी पाई थी। सुरेंद्र दिलेर के जरिए BJP ने दलित और पिछड़े वर्ग को एक साथ साधने की कोशिश की है।

सपा से निष्कासित विधायक मनोज पांडेय ने ली मंत्री पद की शपथ

यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के रविवार को हुए दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के तहत समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित विधायक मनोज पांडेय को भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘जन भवन’ में आयोजित समारोह में पांडेय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पांडेय रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह वर्ष 2012-17 में सपा सरकार में भी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। अवध क्षेत्र में ब्राह्मण समाज के बड़े नेता माने जाने वाले पांडेय वर्ष 2022 में सपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे और वह विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक भी रहे। वर्ष 2024 में उन्होंने पार्टी नेतृत्व की नीतियों से नाराज होकर मुख्य सचेतक के पद से इस्तीफा दे दिया और राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की, जिसके बाद साल 2025 में उन्हें सपा से निष्कासित कर दिया गया था।

भूपेंद्र चौधरी ने ली मंत्री पद की शपथ

पूर्व यूपी भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ले ली है। 14 दिसंबर 2025 को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी पंकज चौधरी को सौंपे जाने के बाद से ही भूपेंद्र चौधरी की भूमिका को लेकर कयासों का बाजार गर्म था। जाटलैंड की सियासत पर मजबूत पकड़ और संगठन के भीतर सर्वमान्य छवि वाले चौधरी को सरकार में शामिल करना भाजपा की सोची-समझी रणनीति है।

योगी कैबिनेट का विस्तार आज दोपहर साढ़े तीन बजे जनभवन में होगा। इस बार मंत्री पद की शपथ लेने वाले नामों में भूपेन्द्र चौधरी, मनोज पांडेय, ⁠सुरेन्द्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान और कैलाश राजपूत शामिल हैं। इनके अलावा दो मंत्रियों का प्रमोशन भी होगा।