छपरा : सारण जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंटर की छात्रा की मौत हो गई। छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-722 पर तेज रफ्तार कार ने साइकिल से घर लौट रही छात्रा को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मृत छात्रा की पहचान भेल्दी थाना क्षेत्र के जाफरपुर गवंदरी गांव निवासी सिकंदर सिंह की 16 वर्षीय पुत्री सुमन कुमारी के रूप में हुई है।
साइकिल से घर लौट रही थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, सुमन मंगलवार को रायपुरा स्थित कोचिंग से अपनी सहेली के साथ साइकिल से घर लौट रही थी। जैसे ही वह सरायबक्स के समीप एनएच-722 पर पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमन की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके से कार चालक हुआ फरार
हादसे के बाद उसकी सहेली ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ युवकों ने भाग रही कार पर ईंट-पत्थर भी फेंके, लेकिन चालक कार लेकर भेल्दी की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए और एनएच-722 को जाम कर दिया। लोगों ने बड़े वाहनों को सड़क के बीच खड़ा कर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा और वाहनों की कतारें लग गईं।
पुलिस बल के साथ थानाध्यक्ष
मामले की जानकारी मिलते ही भेल्दी थाना अध्यक्ष श्रवण कुमार पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार कार और चालक की पहचान की जा सके। इधर, बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां अनु देवी शव से लिपटकर बेसुध हो गईं, जबकि पिता सिकंदर सिंह और भाई अमन कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।