पटना। बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 8 जिलों में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। अगले दो से तीन घंटों के दौरान कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरे की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार बेगूसराय, लखीसराय, जमुई, बांका, अरवल, औरंगाबाद, गया और जहानाबाद जिलों के कई प्रखंड प्रभावित हो सकते हैं। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए प्रशासन को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
लोगों को घर में रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलें। खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है ताकि किसी भी हादसे से बचा जा सके।
किसानों के लिए भी चेतावनी जारी
तेज आंधी और वज्रपात को देखते हुए किसानों को मौसम सामान्य होने तक खेतों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में रहना जानलेवा साबित हो सकता है।
बेगूसराय और जमुई के कई प्रखंड अलर्ट पर
बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर, तेघड़ा, बरौनी और बलिया समेत कई प्रखंडों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी गई है। वहीं जमुई के झाझा, चकाई, खैरा और लक्ष्मीपुर क्षेत्रों में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
गया-औरंगाबाद में भी बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विभाग ने गया, औरंगाबाद, अरवल और जहानाबाद के कई इलाकों में भी रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों से लगातार मौसम अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।