आंखें फोड़ी, गला काटा, बिहार में बहू ने क्यों कर दी सास की हत्या? जानिए मामला

बांका ; बिहार के बांका से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. मंगलवार (12 मई, 2026) को एक बहू ने अपनी सास की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव की है. मृतक महिला की पहचान 70 वर्षीय सुलोचना देवी के रूप में की गई है. घर के भीतर ही इस घटना को अंजाम दिया गया है.

घटना के वक्त सो रही थी महिला
वारदात की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी बहू ने पहले अपनी सास की आंखों पर वार किया और फिर धारदार हथियार से गला काटा. घटना के समय घर के पुरुष सदस्य बाहर थे. सुलोचना देवी सो रही थीं. इसी का बहू ने फायदा उठाया और सास को मार डाला.

घटना के बाद दौड़े आसपास के लोग
चीख-पुकार सुनने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी. ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रही आरोपी बहू बिंदु देवी को मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस पहुंची तो उसे हिरासत में ले लिया.

बहू ने सास को क्यों मारा?
घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बहू घर में ही थी. पूछताछ में आरोपी बिंदु देवी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि उसकी सास उसे अक्सर ‘डायन’ कहकर प्रताड़ित करती थी, जिससे वह काफी समय से आक्रोश में थी. इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया. घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जानकारी के अनुसार, महिला का बेटा मनोज राय दिल्ली में मजदूरी करता है. उसे घटना की सूचना दे दी गई है.

इस मामले में अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. महिला बार-बार अपना बयान बदल रही है. ग्रामीणों से पता चला है कि महिला और उसके सास के बीच हमेशा झगड़ा होता था. थानाध्यक्ष ने डायन वाले आरोप को सिरे से खारिज किया है.