मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में बीती शाम आए तेज तूफान और बारिश के बाद क्षेत्र के कई गांवों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इससे ग्रामीणों और पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता और जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द आपूर्ति बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विकास शर्मा ने बताया कि तूफान के बाद से चोकड़ा, बिरालसी, अकबरगढ़, न्यामू, घीसू खेड़ा और रोनी हरजीपुर सहित कई गांवों में बिजली गुल है। बिजली न होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहरा गया है।
मोटर और नलकूप बंद होने से लोगों के साथ-साथ पशुओं को भी पानी नहीं मिल पा रहा है। चारा काटने वाली मशीनें भी ठप पड़ी हैं, जिससे पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था प्रभावित हुई है। मोबाइल फोन डिस्चार्ज होने से संपर्क भी टूट गया है।
विकास शर्मा ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी केवल ‘फाल्ट’ का हवाला दे रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते बिजली लाइनों की जांच और पेड़ों की छंटाई कर ली जाती तो ऐसी स्थिति नहीं बनती।
भाकियू नेता ने विभाग के एससी और एक्सईएन अधिकारियों से वार्ता कर जल्द बिजली बहाली की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो किसान बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। विद्युत विभाग के एसडीओ अनिल सोनकर का कहना है कि जल्द ही विद्युत आपूर्ति को बहाल करने के प्रयास किया जा रहे हैं.
.