हरियाणा की ट्यूशन टीचर की हत्या, प्रेमी ने कोल्ड ड्रिंक में दिया जहर, बोरे में शव पैक कर हिमाचल में जलाया

अंबाला: हरियाणा के अंबाला से लापता हुई 32 वर्षीय गणित की टीचर की हत्या के मामले ने दो राज्यों में सनसनी फैला दी है। महिला का आधा जला हुआ शव हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के एक जंगल में मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले महिला को जहर देकर मारा और फिर पहचान छिपाने के लिए शव को दूसरे राज्य ले जाकर जला दिया। मृतका की पहचान अमनदीप के रूप में हुई है। वो अंबाला जिले के बराड़ा इलाके की जनकपुरी कॉलोनी में अपनी मां के साथ रहती थी। वह बच्चों को निजी ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का खर्च चलाती थी। परिवार के अनुसार, पिछले साल पिता की मौत के बाद घर की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी कमाई से मां और छोटी बहन की दवाइयों का खर्च भी चलता था।

मेडिकल रिपोर्ट लेने घर से निकली थी अमनदीप
पुलिस जांच के मुताबिक, अमनदीप 12 मई को अपनी मां की मेडिकल रिपोर्ट लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। देर रात तक संपर्क न होने और मोबाइल बंद मिलने के बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को CCTV फुटेज मिले। इनमें अमनदीप आखिरी बार बराड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक अंडरपास की ओर जाती दिखाई दी। इसी बीच बुधवार को हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब इलाके के जंगल में एक महिला का आधा जला शव मिलने से मामला और गंभीर हो गया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
संयुक्त जांच में हरियाणा और सिरमौर पुलिस ने बराड़ा निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी इन्वर्टर मरम्मत का काम करता है। पुलिस के अनुसार, संदीप और अमनदीप एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते थे। आरोपी ने कथित तौर पर टीचर से अपना शादीशुदा होना छिपाया था और दोनों के बीच संबंध थे। डीएसपी सुरेश शर्मा ने बताया कि आरोपी ने अमनदीप को अंबाला स्थित अपने किराए के कमरे में बुलाया था। वहां उसने कथित रूप से कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को एक बड़े बोरे में पैक किया और सबूत मिटाने की योजना बनाई। हत्या पूरी तरह से सुनियोजित थी। जांच में यह भी पता चला है कि शव ले जाते समय आरोपी के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। फिलहाल पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है।

पुलिस जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक ठेला चालक को 100 रुपये देकर बोरे को उसकी कार तक पहुंचाने में मदद ली। इस दौरान उसकी संदिग्ध गतिविधियां इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गईं। फुटेज में आरोपी को कई बार भारी बोरा लेकर सीढ़ियों से ऊपर-नीचे जाते देखा गया, जिसने पुलिस को अहम सुराग दिए। इसके बाद आरोपी शव को करीब 100 किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में ले गया। पांवटा साहिब की कोलर पंचायत के जंगल में उसने शव फेंक दिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी ताकि पहचान मिटाई जा सके।