यूपी पंचायत चुनाव नहीं लड़ेगी सपा, शिवपाल यादव का बड़ा ऐलान

इटावा। यूपी में अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर जहां एक ओर राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं तो वहीं सपा ने पंचायत चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा कर दी। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा, सपा पंचायत चुनाव नहीं लड़ेगी। सपा के पंचायत चुनाव न लड़ने की शिवपाल यादव ने वजह भी बताई। साथ ही 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी स्थिति साफ कर दी।

नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट्स के अनुसार गोरादयालपुर गांव में पूर्व प्रधान जुगराज सिंह यादव की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा, सपा आगा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम सभा सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों पर हिस्सा नहीं लेगी। सपा इस बीच 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर फोकस करेगी। विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कई प्रत्याशियों के नाम पहले ही तय किए जा चुके हैं और बाकी सीटों पर नामों को लेकर मंथन चल रहा है। जल्द ही सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा, हमारा पूरा फोकस वोटों के बिखराव रोकने और विपक्षी दलों को इसका फायदा न मिले, इस पर है।

योगी सरकार को कठघरे में खड़ा किया
पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिवपाल ने यादव ने योगी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शिवपाल यादव ने कहा, यूपी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। प्रतिदिन हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। बरेली में दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग का जिक्र करते हुए शिवपाल ने कहा, जब एक मशहूर हस्ती के घर सुरक्षित नहीं है तो आम महिलाएं कैसे सुरक्षित महसूस कर सकती हैं। क्या वे बेखौफ होकर घर से बाहर निकल सकती हैं?