मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में गुरुवार देर रात पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए महज चार घंटे के भीतर चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ मुठभेड़ कर छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सभी बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में 20 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से छह अवैध तमंचे, भारी मात्रा में कारतूस, एक महिंद्रा एक्सयूवी कार, एक टेंपो और लाखों रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना कोतवाली, नगर कोतवाली, नई मंडी कोतवाली और शाहपुर थाना क्षेत्र में की गई। सबसे बड़ी कार्रवाई नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश नितिन उर्फ हरिओम को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। बताया गया कि उसके खिलाफ करीब 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था।
बुढ़ाना और शाहपुर में एक्शन
बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने सोनू उर्फ भूरा और मोबीन को गिरफ्तार किया। दोनों पर गोकशी, चोरी और लूट जैसी घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं। वहीं नई मंडी क्षेत्र में पुलिस ने मोनू उर्फ शाहरुख को मुठभेड़ के बाद पकड़ा। उस पर नाबालिग हिंदू युवती को नाम बदलकर बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
शाहपुर थाना क्षेत्र में अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्य मोनू उर्फ इसरार और जफर पुलिस कार्रवाई में घायल हुए। इनके पास से करीब ढाई कुंतल जस्ता बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
एसएसपी ने दी जानकारी
एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सरकार के आदेश पर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार छह बदमाशों में चार मेरठ, एक गाजियाबाद और एक मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर इनके नेटवर्क और अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।