मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर नगदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का राजफाश किया है। मुठभेड़ के दौरान 12वीं पास बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, वहीं उसके स्नातक और 10वीं पास दो साथियों को कांबिंग में पकड़ा गया।
गिरोह लगभग 13 वर्ष से सक्रिय था। यह कई राज्यों में 100 से अधिक वारदात को अंजाम देकर 50 लाख से अधिक रुपये निकाल चुका है। इनके पास से 63 एटीएम कार्ड सहित कार और नगदी मिली है।
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में हुई पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि विनीत कुमार निवासी शामली रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम से रुपये निकालने आया था, तभी बदमाशों ने उसका एटीएम कार्ड बदलकर 43,500 रुपये निकाल लिए।
पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार, दारोगा शशि कपूर व विक्रांत कुमार के साथ पानीपत-खटीमा मार्ग पर चेेकिंग कर रहे थे। तभी स्विफ्ट कार को रोका तो वे भागने लगे। इस पर कार अनियंत्रित हो गई। कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में गिरोह का सरगना गुलशन कुमार निवासी रामगढ़, मोहाली, हिमाचल प्रदेश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके विरुद्ध पंजाब, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर में पांच से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके साथी मंयक निवासी ग्राम दूधली, चरथावल, जतिन शर्मा निवासी हत्तो, जींद जिला जींद हरियाणा को पकड़ा है।
इनके कब्जे से चोरी किए 63 एटीएम कार्ड, तमंचा और कार बरामद हुई है। अंतरराज्यीय स्तर पर गिरोह वर्ष 2013 से सक्रिय था, जो चोरी के एटीएम कार्ड से पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में 100 से अधिक वारदात को अंजाम देकर 50 लाख से अधिक रुपये एटीएम से निकाल चुका है।
दिखावे के लिए बीए स्नातक जतिन प्राइवेट नौकरी करता है। 12वीं पास गुलशन कार चलाता है और 10वीं पास मयंक खेती करता है। गिरोह के बदमाश नकली एटीएम कार्ड लेकर अलग-अलग एटीएम के निकट सक्रिय रहते हैं।
रुपये निकालने वाले लोगों को गुमराह कर उनका एटीएम कार्ड बदल लेते हैं। उसके बाद एटीएम से रुपये निकालकर फरार हो जाते हैं। एक जनपद में करीब चार से पांच वारदात करते थे। धोखाधड़ी की रकम से अपने शौक को पूरा करते हैं। पुलिस इस गिरोह के अन्य बदमाशों की छानबीन में लगी है।