मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र की ए-टू-जेड कॉलोनी में रविवार को एक महिला अपने ससुराल के बाहर धरने पर बैठ गई। महिला ने ससुराल पक्ष पर शादी के बाद से लगातार प्रताड़ित करने और अब उसे अपनाने से इनकार करने का आरोप लगाया है। धरने पर बैठी महिला की पहचान शिल्पा के रूप में हुई है। वह गांव पिनना की निवासी है। उसने बताया कि उसकी शादी 30 अप्रैल 2025 को अमित अहलावत से हुई थी। शिल्पा के अनुसार, यह दोनों की दूसरी शादी थी।
महिला का आरोप है कि शादी से पहले उसके पति को बड़ा व्यवसायी बताया गया था, लेकिन शादी के बाद पता चला कि वह कोई काम नहीं करता और शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। महिला ने दावा किया कि उसके परिवार ने शादी में अपनी क्षमता से अधिक दान-दहेज दिया था, इसके बावजूद उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
शिल्पा के अनुसार, लगभग तीन महीने पहले वह अपने मायके चली गई थी। उस समय पति ने उसे जल्द वापस लाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष ने उसे अपने साथ रखने से स्पष्ट इनकार कर दिया। इसके बाद महिला सीधे अपने ससुराल पहुंची और घर के बाहर धरने पर बैठ गई। उसके धरने पर बैठते ही ससुराल पक्ष के लोगों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। देखते ही देखते कॉलोनी में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत करने का प्रयास किया। पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला। महिला ने कहा है कि जब तक उसे घर में प्रवेश नहीं मिलेगा, वह अपना धरना समाप्त नहीं करेगी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।