मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में रविवार (17 मई) को आरजेडी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहुंचे. वह पूर्व आरजेडी जिलाध्यक्ष स्वर्गीय सुरेश यादव की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार की राजनीति और केंद्र सरकार को लेकर कई बड़े बयान दिए.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार में बीजेपी की सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय भी उन्होंने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि एनडीए की सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार लंबे समय तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे.
तेजस्वी ने कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि चाचा नीतीश कुमार को ये लोग ज्यादा दिन मुख्यमंत्री नहीं रहने देंगे और वही हुआ. अब आगे देखिए, बिहार में बीजेपी की सरकार भी ज्यादा दिन नहीं चलेगी.” उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि राजनीतिक जानकार इसे कार्यकर्ताओं में जोश भरने वाला बयान भी मान रहे हैं.
कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील
तेजस्वी यादव ने इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया. उन्होंने कहा कि आरजेडी फिर से मजबूती के साथ वापसी करेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और संघर्ष जारी रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि आप लोग अडिग रहिए. जो लड़ता है वही जीतता है. हमारा भी समय आएगा और आरजेडी फिर मजबूती से खड़ी होगी.
पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
अपने भाषण में तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री लोगों से ईंधन कम इस्तेमाल करने और सोना नहीं खरीदने की अपील कर रहे हैं. तेजस्वी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि आने वाले समय में शायद लोगों से कपड़े तक न पहनने की बात कही जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के पास कोई स्पष्ट विजन नहीं है और इसी वजह से देश की हालत खराब होती जा रही है.