बिहार में आज 14 जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी, कहीं पड़ेगी भीषण गर्मी और लू की मार

पटना: बिहार में भीषण गर्मी लोग परेशान रहे है. बढ़ते तापमान और हीटवेव के कारण दिनचर्या प्रभावित हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने आज बुधवार को बड़ी राहत मिलने की संभावना जताई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज उत्तर बिहार के पूर्वी और मध्य इलाके के 14 जिलों में मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलो मीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है.

इनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, और समस्तीपुर जिला शामिल है. इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और आज किसी भी वक्त बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी.

कैसा रहेगा उत्तर बिहार का मौसम?
वहीं, उत्तर बिहार के पश्चिमी इलाके और दक्षिण बिहार के मध्य एवं पूर्वी इलाके में भी मौसम विभाग में येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में बारिश तो कहीं-कहीं बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है. इनमें राजधानी पटना के अलावा नालंदा, नवादा, शेखपुरा, गयाजी, जहानाबाद, भागलपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, बांका, जमुई, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, गोपालगंज और सारण जिला शामिल है. हालांकि इन जिलों में बहुत ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा चलने का पूर्वानुमान भी है.

दक्षिण बिहार को गर्मी से राहत नहीं
दक्षिण बिहार की बात करें तो इसके पश्चिमी इलाके के लोगों को भीषण गर्मी से कोई राहत मिलते नहीं दिखाई दे रही. इस इलाके के कई जिलों में भीषण लू की संभावना है. पश्चिमी इलाके में औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास, अरवल, भोजपुर, और बक्सर जिला शामिल है. इन जिलों में पश्चिम से पूर्व की ओर हवा चलने के कारण भीषण गर्मी का एहसास होगा. वहीं, पटना सहित दक्षिण बिहार के मध्य और पूर्वी इलाके और उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में पूर्व दिशा से हवा चलने से बारिश होने की संभावना है. हालांकि, जहां बारिश नहीं होगी वहां उमस गर्मी बरकरार रहने की पूरी संभावना बन रही है.

मंगलवार को कितना रहा तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राज्य के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. इस कारण मौसम शुष्क बना रहा है. प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस कैमूर में और सबसे कम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस सहरसा के अगवानपुर में दर्ज किया गया. पटना में 37 किलमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली. पटना जिले के एक-दो स्थानों पर बुधवार (20 मई) को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं. इससे तापमान में गिरावट आएगी पूरवा चलने पर उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है. मंगलवार (19 मई) को पटना के अधिकतम तापमान में 1.3 और न्यूनतम में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई. राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 36.3 और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.