UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मई की गर्मी अपने चरम पर है, लेकिन इस भीषण तपिश के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि अभी अगले गुरुवार तक प्रदेशवासियों को इस भीषण गर्मी का सामना जमकर करना पड़ेगा. हालांकि, इस चुनौतीपूर्ण हफ्ते के बीतने के बाद मौसम करवट लेगा. तराई और पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को तपती गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकेगी.
अगले गुरुवार के बाद इन अनुमानित जिलों में बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, अगले गुरुवार के बाद उत्तर प्रदेश के तराई बेल्ट और पूर्वांचल के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश की प्रबल संभावना है. अनुमान के मुताबिक, जिन जिलों में बारिश से राहत मिल सकती है, उनमें शामिल हैं:
लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और पीलीभीत, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी और संत कबीर नगर. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने से मौसम का मिजाज बदलेगा और झुलसाने वाली लू की रफ्तार पर ब्रेक लगेगा.
आज के लिए ‘भीषण लू’ का अलर्ट, इन जिलों में हालात सबसे कठिन
बारिश की इस राहत से पहले उत्तर प्रदेश को अभी अगले कुछ दिन आग के दरिया से गुजरना होगा. मौसम विभाग (IMD) ने 22 मई 2026 के लिए राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण की चेतावनी जारी की है:
भीषण लू वाले जिले: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदास नगर और जौनपुर. इन जिलों में दोपहर के समय अत्यधिक सतर्क रहने की जरूरत है.
अति उष्ण लहर वाले जिले: सोनभद्र, चंदौली, गाज़ीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, बागपत, मेरठ, गाज़ियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर.
सामान्य लू वाले जिले: देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अम्बेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुज़फ्फरनगर, कासगंज, अमरोहा, शाहजानकारी, संभल और बदायूं.
इसके साथ ही मौसम विभाग का अनुमान है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में 2-3°C की क्रमिक वृद्धि (धीरे-धीरे बढ़ोतरी) दर्ज की जाएगी.