मेरठ में पहली बार बने UPSC, NDA और CDS परीक्षाओं के केंद्र

मेरठ। रक्षा सेवाओं में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षाओं के लिए पहली बार शहर में भी परीक्षा केंद्र बनाए जा रहे हैं।

यूपीएससी की ओर से जारी परीक्षाओं की अधिसूचना में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए)-द्वितीय और संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस)-द्वितीय परीक्षा और यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक शिक्षा 2026 के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को होगी। वहीं एनडीए और सीडीएस परीक्षाएं 13 सितंबर को होंगी। अब तक मेरठ और आसपास के जिलों के अभ्यर्थियों को सिविल सेवा, एनडीए, और सीडीएस जैसी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए दिल्ली, गाजियाबाद, प्रयागराज सहित अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। परीक्षा केंद्र दूर होने के कारण छात्रों को अतिरिक्त समय, यात्रा और ठहरने का खर्च उठाना पड़ता था।

24 मई को यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा
यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 14 केंद्रों पर 24 मई को होगी। इसमें 5,902 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस परीक्षा की तैयारी को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दिव्यांगों के लिए विशेश तौर पर इस्माईल नेशनल महिला पीजी कालेज बुढ़ाना गेट को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक होगी.