भागलपुर: भागलपुर जिले के बरारी थाना क्षेत्र में एक महिला ने घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। महिला के शोर मचाने पर जुटे ग्रामीणों ने चार आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। पीड़िता वर्षा कुमारी ने बताया कि शनिवार को वह अपने घर के बाहर खड़ी थी, जबकि उसके दोनों बच्चे घर के अंदर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान उसका देवर चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और घर का बंद ताला तोड़कर जबरन अंदर घुस गया।
महिला के अनुसार, ताला टूटने की आवाज सुनकर जब वह घर की ओर दौड़ी, तब तक सभी आरोपी अंदर प्रवेश कर चुके थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि एक युवक ने उसका हाथ पकड़कर कमरे में ले जाने की कोशिश की और उसके कपड़े खींचते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख आरोपी भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने चार लोगों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।
पांच महीने से अलग रह रही थी महिला
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में सुमित मंडल से हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के बाद पति अक्सर अपनी मां के कहने पर उससे झगड़ा करता था। करीब पांच महीने पहले पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग घर छोड़कर चले गए थे। महिला मूल रूप से खगड़िया जिले की रहने वाली है। घटना की सूचना मिलने पर उसके पिता राजू मंडल भी मौके पर पहुंचे। वर्षा ने बताया कि उसका पति पिछले तीन वर्षों से उसके साथ नहीं रह रहा है और ससुराल पक्ष ने उसे व उसके बच्चों को अपनाने से इनकार कर दिया है।
पीड़िता के अनुसार, वह बीते 5 फरवरी से उक्त घर में रह रही है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी उसे धमकी दे चुका था और शनिवार को जबरन घर में घुसकर गलत हरकत करने का प्रयास किया।
पुलिस जांच में जुटी
मामले में महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।