यूपी में नौतपा का आज दूसरा दिन है। मंगलवार तड़के लखीमपुर खीरी में आंधी-तूफान आया। पेड़ और पोल उखड़ गए। घरों की टंकियां उड़ गईं। सुबह ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकलती रही। दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी बढ़ गई। गर्म हवाओं ने जोर पकड़ लिया।
आज 39 शहरों में हीटवेव का अलर्ट है। इनमें 3 शहर बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज में रेड अलर्ट है। यानी यहां बहुत गर्म हवाएं चलेंगी। इससे पहले, सोमवार देर रात अचानक मौसम बदल गया। लखनऊ में 90 की रफ्तार से तूफान आया। बस्ती, गोरखपुर और गोंडा में भी इतनी तेज आंधी आई कि हजारों पेड़-पोल उखड़ गए।
गोंडा, लखीमुपर, बस्ती, शाहजहांपुर और सीतापुर में आंधी-बारिश से जुड़े हादसों में बच्चे समेत 6 की मौत हो गई। बदायूं, अयोध्या, उन्नाव, संभल में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया- 28 मई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आंधी, तूफान और आसमान में बादल छाए रहेंगे। 2-3 दिन पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होगी। तापमान में 8°C-10°C तक गिरावट आएगी।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो बांदा एक बार फिर देश में सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 47.6°C दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में पारा 47.6°C रहा। झांसी में पारा 46°C तक पहुंच गया। जालौन में 45.8°C, आगरा में 45.5°C और प्रयागराज में 45.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।