हिसार। धरती गर्म होने के साथ ही नौतपा की शुरुआत सोमवार से हो गई। इस दौरान नौ दिन तक गर्मी के बढ़ने की चेतावनी होती है। लेकिन इस साल 29 मई से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर वर्षा की संभावना है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इससे पहले 2025 में 25 मई को ही वर्षा हुई थी। नौतपा शुरू होने के साथ ही सोमवार को धूल भरी हवाएं भी चलीं। वहीं प्रदेश में सिरसा सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का तापमान 46.2 डिग्री तक पहुंच गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इन दिनों गर्मी अधिक होती है। नौतपा के बाद धीरे-धीरे मौसम में बदलाव के साथ जून में मानसून होने से तापमान कम होना शुरू होगा। विज्ञानियों के अनुसार 25 से 28 मई तक लगातार गर्मी अधिक होने की उम्मीद है। आइएमडी ने भीषण लू का आरेंज और यलो अलर्ट भी जारी किया है।
हरियाणा में चलेगी लू
आइएमडी के अनुसार 28 को भी कुछ स्थानों पर वर्षा होने के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने कहा कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 29 मई तक शुष्क रहने व बीच बीच में दक्षिण पश्चिमी गर्म हवाएं चलने की संभावना है जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने तथा लू चलने की भी संभावना है।
29 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके आंशिक प्रभाव से 29 मई की रात से एक जून के दौरान हरियाणा राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई रहने तथा बीच-बीच में धूल भरी हवाएं चलने व कहीं कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की वर्षा की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट की आने संभावना है।
पहले भी होती रही नौतपा में वर्षा
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 2025 में वर्षा होने से पहले 2023 में 31 मई को 42 एमएम से ज्यादा वर्षा हुई थी। 2024 में नौतपा ज्यादा तपा था और वर्षा नहीं हुई थी। इसी प्रकार 2022 में भी नौतपा शुरू होने से एक दिन पहले यानी 24 मई को 30.6 एमएम वर्षा हुई थी। इससे मौसम ठंडा हुआ था।
यलो अलर्ट : पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर।
आरेंज अलर्ट : सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, पानीपत, सोनीपत, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात।