‘क्रैश से बचना है तो इन 6 चीजों में लगाओ पैसा’, 10 सालों में कितना दिया रिटर्न?

'Want to Avoid a Crash? Invest in These 6 Assets' — How Much Return Did They Yield Over 10 Years?

मशहूर किताब ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी (Robert Kiyosaki) ने हाल ही में दुनिया भर के निवेशकों को हिला देने वाली चेतावनी दी थी. कियोसाकी का कहना है कि साल 2026 में पूरी दुनिया एक बहुत बड़े आर्थिक संकट (Crash) की तरफ बढ़ रही है.

उनका मानना है कि सरकारी करेंसी (जैसे डॉलर या रुपया) और सरकारी बॉन्ड्स पूरी तरह ‘फर्जी’ (Fake) हैं, क्योंकि सरकारें इन्हें जब चाहे जितना चाहे प्रिंट कर सकती हैं. नोटों की अंधाधुंध छपाई के कारण पैसे की असली कीमत लगातार घट रही है.

महासंकट से बचाएंगे ये 6 असेट्स
कियोसाकी के अनुसार, इस आने वाले महासंकट में केवल 6 एसेट्स (Assets) ही खुद को बचा पाएंगे और निवेशकों को अमीर बनाए रखेंगे. आइए इन सभी 6 चीजों के बारे में अलग-अलग विस्तार से जानते हैं और देखते हैं कि पिछले समय में इन्होंने कैसा रिटर्न दिया है.

1. सोना (Gold)

सोना हमेशा से रॉबर्ट कियोसाकी का सबसे पसंदीदा निवेश रहा है. संकट और युद्ध के समय सोने को सबसे सुरक्षित ढाल माना जाता है. साल 2026 में भी सोने ने अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन किया है. अगर पिछले 10 सालों की बात करें तो 2016 में सोना करीब 28,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब था. वहीं 2026 में सोने का भाव करीब 1.60 लाख रुपये हो गया है. बता दें कि 29 जनवरी को तो सोने का भाव 2.03 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बेहद करीब चला गया था.

2. चांदी (Silver)

कियोसाकी के अनुसार, चांदी केवल एक कीमती धातु नहीं है, बल्कि यह एक औद्योगिक जरूरत भी है, जो इसे बेहद खास बनाती है. यही वजह है कि वह अक्सर इसमें निवेश करने को लोगों को कहते हैं. चांदी की कीमतें काफी हद तक सोने के नक्शेकदम पर ही चलती हैं, लेकिन इसमें सोने के मुकाबले उतार-चढ़ाव (Price Swings) बहुत ज्यादा होता है. इसलिए इसमें बड़ा मुनाफा कमाने का मौका भी रहता है और जोखिम भी ज्यादा होता है.

अगर हम पिछले 10 साल के आंकड़ों को देखें तो साल 2016 में चांदी का भाव करीब 37 हजार रुपये प्रति किलो था. अभी 2026 में चांदी 2.80 लाख रुपये प्रति किलो के करीब है. बता दें कि 29 जनवरी को तो चांदी का भाव 4.57 लाख रुपये प्रति किलो के भी पार चला गया था.

3. तेल (Oil)

कियोसाकी की लिस्ट में कच्चा तेल (Crude Oil) एक ऐसी आवश्यक संपत्ति है जो सीधे वैश्विक राजनीति और युद्ध से प्रभावित होती है. मौजूदा वक्त में पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में चल रहे तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से होने वाली तेल की सप्लाई पर बुरा असर पड़ा है, जहां से दुनिया का 20% तेल गुजरता है. सप्लाई घटने से कीमतों में भारी उछाल आया है.

अगर पिछले 10 साल की बात करें तो 2016 में ब्रेंट क्रूड का भाव 30-50 डॉलर बैरल के करीब घूमता रहा, जो अभी 2026 में 110 डॉलर प्रति बैरल के भी पार पहुंच गया है. हालांकि, 2014 में ब्रेंट क्रूड का भाव 70-80 डॉलर प्रति बैरल के करीब था, लेकिन अगले 2 सालों में उसमें तगड़ी गिरावट देखने को मिली.

4- भोजन (Food)

भोजन या कृषि उत्पादों (Agriculture) में निवेश करना पारंपरिक निवेशकों के लिए थोड़ा अजीब हो सकता है, लेकिन कियोसाकी की सोच इसके पीछे बिल्कुल व्यावहारिक है. जैसे-जैसे तेल और बिजली (ऊर्जा) की कीमतें बढ़ती हैं, वैसे-वैसे खेतों में इस्तेमाल होने वाले उर्वरक (खाद), माल ढुलाई (Transportation) और कोल्ड स्टोरेज का खर्च भी बढ़ जाता है.

दुनिया में आबादी बढ़ रही है और कृषि योग्य भूमि सीमित है. संकट के समय में भोजन की मांग कभी कम नहीं हो सकती, इसलिए एग्रीकल्चर फंड्स या कृषि से जुड़ी बड़ी कंपनियों के शेयर्स में निवेश करना एक बेहतरीन हेज (सुरक्षा) साबित होता है.

5- बिटकॉइन (Bitcoin)

कियोसाकी बिटकॉइन के बहुत बड़े समर्थक हैं. उनका मानना है कि सीमित संख्या (केवल 2.1 करोड़ बिटकॉइन) होने के कारण यह भविष्य की असली करेंसी है. अगर पिछले 10 साल की बात करें तो 2016 में बिटकॉइन करीब 30,000 रुपये का था, जिसकी कीमत मई 2026 में करीब 75 लाख रुपये हो गई है.

6- एथेरियम (Ethereum)

कियोसाकी की लिस्ट में शामिल छठा और आखिरी एसेट दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टो करेंसी ‘एथेरियम’ है. एथेरियम भी बिटकॉइन की तरह ही बहुत ज्यादा अस्थिर (Volatile) है. यह अगस्त 2025 में अपने ऑल-टाइम हाई ($4,953) पर पहुंच चुका था. अगर 10 साल पहले की बात करें तो 2016 में एथेरियम का भाव महज 10 डॉलर के करीब था, जो मई 2026 तक 2100 डॉलर के पार चला गया है.