भोपाल में IPS अफसर की बेटी ने की खुदकुशी, घर में फंदे पर लटका मिला शव

IPS Daughter Suicide: राजधानी भोपाल के वीआईपी क्षेत्र चार इमली में रहने वाले आईपीएस अधिकारी की 17 वर्षीय बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. छात्रा 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी. जानकारी के मुताबिक घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था. परिजनों को इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच की जा रही है.

हबीबगंज पुलिस स्टेशन के SHO संजीव चौकसे ने बताया कि छात्रा अपने परिवार के साथ चार इमली स्थित एक सरकारी बंगले में रहती थी. जिस कमरे में उसने आत्महत्या की, वहां कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. छात्रा की किताबों और सामान की भी जांच की गई, लेकिन वहां भी ऐसा कुछ नहीं मिला. जिससे उसकी आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाए जा सके. फिलहाल हम इस मामले की जांच केवल आत्महत्या के नजरिए से नहीं कर रहे हैं.

मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त
पुलिस ने बताया कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए छात्रा के करीबी लोगों से पूछताछ करेंग , जिनमें उसकी दोस्त और क्लासमेट शामिल हैं. परिवार से यह पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है कि क्या छात्रा किसी भी तरह के मानसिक तनाव से गुजर रही थी. इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि क्या छात्रा किसी तरह के पढ़ाई से जुड़े दबाव का सामना कर रही थी. इसके साथ ही पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिया है. पुलिस का मानना ​​है कि इनसे निश्चित रूप से कुछ ऐसा मिलेगा, जिससे मौत के कारण का पता लगाने में मदद मिल सकेगी.