बकरीद से पहले अलर्ट मोड पर खंडवा पुलिस, 400 जवान तैनात; चप्पे-चप्पे पर ड्रोन से नजर

खंडवा : Bakrid 2026: आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पर्व को देखते हुए मध्य प्रदेश के खंडवा में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है. त्योहार को शांति, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पुलिस एक तरफ सड़कों पर गश्त कर रही है, तो वहीं दूसरी तरफ आम लोगों से सीधा जनसंवाद कर शांति बनाए रखने की अपील भी कर रही है.

चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर, 400 जवान तैनात
ईद के दौरान शहर के कोने-कोने पर पुलिस का सख्त पहरा रहेगा. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग ने कई अहम कदम उठाए हैं. शहर और अतिसंवेदनशील इलाकों में करीब 400 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है. पुलिस बल के साथ होमगार्ड और वन विभाग की टीमें भी सुरक्षा में सहयोग करेंगी. भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील क्षेत्रों और मंदिर-मस्जिदों के आसपास अतिरिक्त मोबाइल वैन लगातार पेट्रोलिंग करेंगी. गलियों और मोहल्लों में पुलिस के जवान लगातार पैदल गश्त करेंगे. शहर की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन का भी सहारा लिया जा रहा है.

सोशल मीडिया पर साइबर सेल की पैनी नजर
त्योहारी सीजन में अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट पर लगाम लगाने के लिए साइबर सेल पूरी तरह से सक्रिय हो गई है. सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर पुलिस की नजर है, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व इंटरनेट के जरिए माहौल खराब न कर सके.

गुंडों की थानों में परेड
त्योहार से पहले शहर की फिजा बिगाड़ने वालों को पुलिस ने सख्त संदेश दिया है. लगातार कॉम्बिंग गश्त कर आदतन अपराधियों और गुंडे-बदमाशों को थानों में बुलाकर उनकी परेड कराई जा रही है. उन्हें साफ हिदायत दी गई है कि अगर किसी ने भी कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोशिश की, तो सख्त कार्रवाई होगी. पुलिस की इस सख्ती के तहत दो बदमाशों को जिला बदर भी कर दिया गया है.

क्या कहते हैं खंडवा एसपी?
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खंडवा के एसपी अगम जैन ने बताया कि बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की जा चुकी है. उन्होंने कहा, ‘त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए हम लगातार आम जनता के बीच जाकर संवाद कर रहे हैं. इसके अलावा, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए थानों में गुंडे-बदमाशों की परेड भी कराई जा रही है. शहर की सुरक्षा के लिए हमारी टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं.’