बिहार में कुदरत का महातांडव, आंधी-तूफान और वज्रपात ने मचाई भयंकर तबाही; 10 की दर्दनाक मौत

पटना: बिहार के कई हिस्सों में सोमवार और मंगलवार की रात आए चक्रवाती तूफान, आंधी और आसमानी बिजली ने भारी तबाही मचाई है। कुदरत के इस कहर के कारण अलग-अलग जिलों को मिलाकर कुल 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। 140 किलोमीटर प्रति घंटे की खौफनाक रफ्तार से चली हवाओं और भारी बारिश ने पूरे जनजीवन को तहस-नहस कर दिया है। जगह-जगह पेड़, मकान की दीवारें और बिजली के खंभे गिरने से हाहाकार मच गया है।

भागलपुर: 140 KM की रफ्तार से आया चक्रवाती तूफान
सोमवार की रात भागलपुर जिले में आए भीषण चक्रवाती तूफान का सबसे ज्यादा असर बरारी और सबौर क्षेत्र में देखने को मिला। 140 किमी/घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के कारण पेड़ और खंभे गिरने से जिले में कुल 7 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि प्रशासन ने फिलहाल 3 मौतों की ही पुष्टि की है। इस तूफान से अलीगंज में आकाशवाणी का विशाल टावर धराशायी हो गया और कोसी नदी पर बना पीपा पुल भी टूट गया। इसके अलावा, बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU) को करोड़ों का नुकसान हुआ है और पूरे जिले में आम-लीची की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। करीब 18 घंटे तक पूरा जिला अंधेरे में डूबा रहा।

खगड़िया: परवल खेत की रखवाली कर रहे दो किसानों पर गिरा ठनका
खगड़िया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित माथार गांव के बहियार में मंगलवार की देर रात करीब 1 बजे एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। यहां अपने परवल के खेत की रखवाली करने गए दो किसानों की वज्रपात की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 59 वर्षीय गोरेलाल यादव और 45 वर्षीय कपिलदेव मंडल के रूप में हुई है। दोनों किसान रात को अचानक शुरू हुई तेज बारिश से बचने के लिए खेत में बनी एक अस्थाई झोपड़ी में छिपे थे, तभी वहां आकाशीय बिजली गिर गई। बुधवार की सुबह जब ग्रामीणों ने झोपड़ी से धुआं उठते देखा, तब इस खौफनाक घटना का पता चला।

मुंगेर: आधी रात को भरभराकर ढही घर की कच्ची दीवार, मलबे में दबकर महिला की मौत
मुंगेर जिला के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के चूआबाग में मंगलवार रात करीब 2 बजे आंधी-तूफान ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। तेज हवाओं के झोंके से पप्पू मलिक के घर की कच्ची दीवार और अल्बेस्टर का भारी छप्पर अचानक सो रहे दंपती पर गिर गया। इस मलबे में दबकर 32 वर्षीय पत्नी फूलन देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति पप्पू मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। इस भयानक हादसे के दौरान दंपती के चार बच्चे बाल-बाल बच गए।