ग्वालियर में रिटायर्ड फौजी पर खून सवार, पुरानी रंजिश में ससुर-दामाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग

ग्वालियर : ग्वालियर का पटरी रोड इलाका बुधवार दोपहर को गोलियों से गूंज उठा. पुरानी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई. दूसरा व्यक्ति गंभीर घायल हो गया, जिसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. पूरा घटनाक्रम रेत डंप को लेकर हुए पुराने विवाद से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार विष्णु दुबे का भोला और सत्यभान गुर्जर से सरकारी ज़मीन पर रेत डंप करने को लेकर कुछ दिन पहले विवाद हुआ था.

दोनों पक्ष कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं. इसी बात को लेकर बुधवार को एक बार फिर दोनों पक्षों में झड़प हो गई. विवाद के बाद जब भोला गुर्जर अपने ससुर सत्यभान गुर्जर के साथ पटरी रोड से गुजर रहा था, तो बाइक पर आए बदमाशों ने दोनों ससुर-दामाद को घेर कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

अचानक 10 से 12 फ़ायर हुए, जिसमे सत्यभान गुर्जर और उसके दामाद भोला गुर्जर को दो से तीन गोलियां लगी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रिटायर्ड फौजी विष्णु दुबे अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया. मौके पर पहुची पुलिस दोनों घायलों को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंची, जहां गोली लगने से अधिक खून बहने की वजह से अस्पताल पहुंचने से पहले ही भोला गुर्जर ने दम तोड़ दिया.

पीड़ित सत्यभान ने ऑपरेशन थिएटर में जाने से पहले बताया “फायरिंग के समय विष्णु दुबे, उसका बेटा और छोटा भाई आए थे. विष्णु और उसके बेट के पास रिवॉल्वर थी और तीसरे के पास बंदूक थी, जिससे फायरिंग की है. विवाद भी मामूली सा था. दोनों पक्षों की अगल-बगल में रेत गिट्टी की दुकाने हैं. हमने विष्णु दुबे की दुकान की तरफ़ जहां उनका मटेरियल पड़ा था, वहां रेत डंप करा दिया था. जिसकी वजह से उनकी गिट्टी से रेत मिल गया था. इससे वह नाराज हो गया. वह रेत हटाने की कहना लगा. मैंने भी उसे जल्द हटवाने का आश्वासन भी दिया लेकिन इसी बात पर वह विवाद करने लगा.”

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस

गोली लगने से घायल सत्यभान गुर्जर की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है. पुलिस लगातार आरोपियों का पता लगाने में जुटी है. एएसपी सुमन गुर्जर के मुताबिक “इस मामले मुख्य आरोपी विष्णु दुबे और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए 4 अलग-अलग टीमें दबिश में जुटी हुई हैं.” ये पुलिस टीमें ग्वालियर के अलावा आसपास के जिले भिंड और मुरैना में भी आरोपियों के संबंधित ठिकानों पर पहुच रही हैं.

इस घटनाक्रम के बाद पटरी रोड इलाके में भी तनाव बना हुआ है. ऐसे में कोई बड़ी घटना दोबारा ना हो जाये, पुलिस के आला अधिकारियों ने क्विक रिस्पॉन्स फोर्स के साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों का पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया है. जिससे हालात बेकाबू ना हों, क्योंकि इस घटना के बाद से ही गुर्जर समाज में भी आक्रोश देखा जा रहा है.