राजस्थान में बारिश, ओले भी गिरेः अंधड़ से टिनशेड उड़ गए, डरावनी रिपोर्ट

जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को जयपुर, बीकानेर, चूरू, धौलपुर, अलवर और झुंझुनूं जिले में बारिश हुई। इस दौरान कुछ जगह ओले भी गिरे। झुंझुनूं जिले के कई इलाकों में अंधड़ आया। इस दौरान आसमान में धूल का गुबार छा गया।

करीब 30 मिनट तक चले अंधड़ के कारण शहर और आसपास के इलाकों में काफी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर साइन बोर्ड गिर गए। कई घरों और दुकानों के ऊपर लगे टिनशेड उड़ गए।

भीलवाड़ा में लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम प्रशासन ने शहर की मुख्य सड़कों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से पानी का छिड़काव कराया। मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी जिलों में अंधड़ चलने के साथ बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ये सिस्टम 1 जून तक एक्टिव रहेगा।

गुरुवार को जयपुर में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया। वहीं, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, अलवर और चूरू में बारिश के साथ ओले गिरे।

राजस्थान में हर साल बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को लेकर आईआईटी मुंबई ने एक रिपोर्ट जारी की है। इसमें बढ़ते हीट आईलैंड और गर्मी के कारण हो रही मौतों का जिक्र है। ये रिपोर्ट काफी डराने वाली है।