फरीदाबाद में इंटरनेट सेवाएं बंद, मस्जिद-मंदिर पर बुलडोजर एक्शन के बाद हरियाणा सरकार का फैसला

फरीदाबाद। फरीदाबाद में एक मस्जिद, शिव मंदिर और अन्य अवैध निर्माण पर हुई कार्रवाई को लेकर हरियाणा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को फरीदाबाद जिले के एक तय इलाके में मोबाइल इंटरनेट सर्विस, बल्क मैसेज सर्विस और सभी डोंगल सर्विस को कुछ समय के लिए बंद करने का आदेश दिया है। यह आदेश इसलिए आया है ताकि 30 मई को दिन में होने वाली तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान किसी तरह की कोई गलत अफवाह न फैले।

हरियाणा सरकार के आदेश के मुताबिक, ‘फरीदाबाद जिले के एनआईटी जोन में बताई गई जगह के एक किलोमीटर के दायरे में 2G, 3G, 4G और 5G समेत मोबाइल इंटरनेट सर्विस, बल्क मैसेज सर्विस और डोंगल सर्विस बंद रहेंगी। यह प्रतिबंध 30 मई को 12:30 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा।

तनाव फैलने की जताई आशंका
यह फैसला ADGP (एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस)/CID हरियाणा और डिप्टी कमिश्नर, फरीदाबाद से मिले इनपुट्स के बाद लिया गया, जिसमें तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान तनाव, गड़बड़ी और प्राइवेट प्रॉपर्टी को नुकसान और शांति भंग होने की आशंका की चिंता जताई गई थी।

बता दें वाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग सर्विस के जरिए गलत जानकारी और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए लगाई गई थीं, जिनका इस्तेमाल भीड़ या आंदोलनकारियों को इकट्ठा करने के लिए किया जा सकता है।

मस्जिद और मंदिर पर चला बुलडोजर
बता दें कि फरीदाबाद में मस्जिद चौक स्थित एक मस्जिद, शिव मंदिर और अन्य अवैध निर्माण को बुलडोजर द्वारा ढहाया गया है। यह अवैध निर्माण आरआरटीएस कॉरिडोर के निर्माण में बाधे बने थे। इसी वजह से इन्हें तोड़ा गया है।