Haryana Weather: आंधी-बारिश, ओलावृष्टि से 9 डिग्री तक लुढ़का पारा, 60 से 70 KM/H रफ्तार से हवा चलने की संभावना

हिसार: पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 13 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि के कारण किसी भी जिले में दिन का तापमान 40 डिग्री को पार नहीं कर सका। अधिकतम तापमान में वीरवार के मुकाबले 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। फिर से बादल छाने और तेज हवा चलने से राहत मिली। मौसम विभाग ने प्रदेशभर में ओरेंज अलर्ट जारी किया है। 30 मई को भी बादलवाही रहने के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वीरवार के सक्रिय हुए पश्विमी विक्षोभ के असर से प्रदेश भर में मौसम का मिजाज बदला। करीब 10 दिन से भीषण गर्मी सहन कर रहे प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिली। वीरवार देर रात तक अलग अलग स्थानों पर बूंदाबांदी होती रही। शुक्रवार को भी दिन भर बादल छाए रहे।

भिवानी, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी ,गुरुग्राम ,फरीदाबाद, मेवात, पलवल में तेज गति की हवा के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। शेष हरियाणा में बादलों की आवाजाही और आंधी की गतिविधियां देखने को मिली। इस मौसम प्रणाली का असर हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर पर 30-31 मई और 1 जून को भी रहेगा। 2 जून को रात्रि में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 3-5 जून के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

जिला बारिश (मिमी) 29 मई अधिकतम तापमान 28 मई की तुलना में गिरावट
हिसार 4.4 37.7 6.5
चरखी-दादरी 24.5 33.9 9.2
गुरुग्राम 03 35.3 5.8
करनाल 19.5 35.4 1.4
महेंद्रगढ़ 18.5 36.3 8.4
मेवात 3.5 34.1 4.7
पलवल 5.0 33.9 4.1
रोहतक 1.0 35.6 5.8
सिरसा 3.0 39.1 5.3
सोनीपत 6.0 35.8 2.7