मई-जून की गर्मी में हांफने लगी आपकी EV? ब्लास्ट और रेंज कम होने से बचाने के लिए तुरंत अपनाएं ये 4 जरूरी टिप्स!

EV Battery Overheating Solution: चिलचिलाती गर्मी और बढ़ता तापमान सिर्फ इंसानों को ही नहीं, बल्कि आपके इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी EV को भी परेशान कर रहा है. अगर आपको पास इलेक्ट्रिक व्हीकल है तो आपने ध्यान दिया होगा कि मई-जून की भयंकर गर्मी में ईवी की रेंज अचानक डाउन हो गई होगी? अगर हां, तो पीछे की वजह बैटरी या इंजन में खराबी नहीं, बल्कि आसमान से बरसती आग है. जैसे ही पारा 40 के ऊपर जाता है, वैसे ही ईवी की लिथियम-आयन बैटरी हांफने लगती है. भयंकर गर्मी में लगातार ड्राइव करने से बैटरी में ब्लास्ट या आग लगने का भी खतरा रहता है. ऐसे में सावधानी बहुत जरूरी हो जा रहा है. आप बस, कुछ बहुत ही आसान और जरूरी टिप्स को अपनाकर न सिर्फ बैटरी की लाइफ बढ़ा सकते हैं, बल्कि उसे ब्लास्ट या डैमेज होने से भी बचा सकते हैं.

आखिर क्यों कम हो जाती है EV की रेंज?
इलेक्ट्रिक व्हीकल में लिथियम-आयन बैटरी लगी होती हैं. ये बैटरी न तो बहुत ज्यादा गर्म और न ही बहुत ज्यादा ठंडे मौसम में काम करने के लिए बनी होती हैं. लिथियम आयन बैटरी परफेक्ट तरीके से काम करे इसके लिए नार्मल टेंपरेचर की जरूरत होती है. मई-जून की गर्मी में जब पारा 45 डिग्री को भी पार कर गया है, तो लिथियम-आयन से बनी बैटरी गर्मी से प्रभावित होने लगती हैं. हालांकि कार में बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम बैटरी को किसी भी खतरे से बचाने के लिए कूलिंग सिस्टम को ऑन कर देता है. यही सिस्टम बैटरी को ओवरहीट होने से बचाता है. लेकिन अगर यह सिस्टम ज्यादा देर तक चलता है तो बैटरी तेजी से खर्च होने लगती है. यही वजह है कि ईवी की रेंज कम हो जाती है.

ये भी है एक कारण
इसके साथ ही गर्मियों के मौसम में EV की बैटरी को नार्मल दिनों की तुलना में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे उनकी ड्राइविंग रेंज कुछ हद तक कम हो सकती है. ज्यादा गर्मी बढ़ने पर गाड़ी खुद गर्म होने लगती है, तेज गर्मी में केबिन को ठंडा रखने के लिए एसी का इस्तेमाल भी ज्यादा होने लगता है, ये भी बैटरी पर भार डालता है. अगर वाहन को लगातार तेज रफ्तार पर चलाया जाए या बार-बार फास्ट चार्ज किया जाए, तो बैटरी का टेंपरेचर और बढ़ सकता है, जिससे उसकी एफिशियंसी प्रभालित होती है. यही वजह है कि गर्मियों में कई EV की रेंज थोड़ी कम नजर आती है

इन बातों का रखें ध्यान-बैटरी भी सेफ
– अगर आप चाहते हैं कि आपकी इलेक्ट्रिक कार की बैटरी लंबे समय तक अच्छी परफॉर्मेंस देती रहे, तो कुछ आसान लेकिन जरूरी आदतों को अपनाना होगा. सबसे पहले, वाहन को लंबे समय तक सीधे सूरज की तेज रोशनी में खड़ा करने से बचें. संभव हो तो इसे छाया वाली जगह, बेसमेंट पार्किंग या कवर पार्किंग में रखें, जिससे बैटरी का टेंपरेटर कंट्रोल में रहे.

– इवी को चार्ज करते समय भी कुछ बातों का ध्यान रखें. बार-बार फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करने के बजाय नार्मल चार्जिंग को अपनाएं. साथ ही, बैटरी को हर बार पूरी तरह 100 प्रतिशत तक चार्ज करने की जरूरत नहीं होती है. बेहतर बैटरी हेल्थ के लिए चार्ज स्तर को 80 प्रतिशत तक चार्ज करना सही होता है.

– अगर आपने लंबी दूरी की ट्रिप करके वापस लौटे हैं, तो तुरंत ईवी को चार्ज में लगाने से बचना चाहिए. कुछ समय जब इवी ठंडी हो जाए, तो चार्ज करें. इससे बैटरी पर किसी तरह का प्रेशर नहीं पड़ता है. ड्राइविंग के दौरान भी अचानक तेज रफ्तार पकड़ने, बार-बार हार्ड एक्सेलरेशन करने और लगातार हाई स्पीड पर चलाने से बचना चाहिए, क्योंकि ये सभी चीजें बैटरी की पॉवर को प्रभावित कर सकती है.

– इसके साथ ही, टायरों में सही एयर प्रेशर बनाए रखना, गाड़ी में गैर जरूरी वजन न रखना और उपलब्ध होने पर प्री-कंडीशनिंग जैसे फीचर्स का इस्तेमाल करना भी बैटरी की सेहत के लिए फायदेमंद होता है. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर EV की बैटरी की उम्र बढ़ाई जा सकती है और लंबे समय तक बेहतर रेंज व प्रदर्शन हासिल किया जा सकता है.