राजस्थान में अंधड़ के बाद पड़े ओले; इन जिलों में आंधी बारिश का ऑरेंज-येलो अलर्ट

Rajasthan Mausam: राजस्थान में तेज आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश से मौसम बदल गया है। भीलवाड़ा में चक्रवाती हवाओं से मोबाइल टावर गिर गया और बिजली गुल रही। मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी, बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी से मौसम बदल गया है। शाहपुरा में सर्वाधिक 55 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं भीलवाड़ा में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चक्रवाती हवाएं चलीं जिसके कारण एक मोबाइल टावर गिर गया। यही नहीं कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। मौसम विभाग ने आज भी राजस्थान के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी है। कई जिलों में ओले गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

अंधड़ से गिरा टावर
यूनीवार्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, भीलवाड़ा जिले में शनिवार रात तेज अंधड़ से मांडल कस्बे में बीएसएनएल का करीब 25 साल पुराना एक भारी-भरकम मोबाइल टावर गिर गया। इससे पास का महिला एवं बाल विकास विभाग का भवन क्षतिग्रस्त हो गया। टावर का एक अन्य हिस्सा पास के आनंद भोजनालय के पास भी गिरा। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई। रात में पूरे जिले में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चक्रवाती हवाएं और धूल भरी आंधी चली।

ओले भी गिरे
तेज हवाओं और बारिश से रात भर शहर और ग्रामीण इलाकों के कई फीडर बंद रहे। इससे घंटों बिजली गुल रही। झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। भीलवाड़ा जिले का अधिकतम तापमान 43.8 से गिरकर 37 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य भर में कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी के साथ ओले भी गिरे। रविवार को राज्य के कई जिलों में सुबह से बादल नजर आ रहे हैं। हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो गया है।

इन जिलों में आंधी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, ओले भी गिरेंगे
IMD ने आज भी राज्य के अजमेर, बांसवाड़ा, बांरा, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डुंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बीकानेर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और आंधी के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। हवा की स्पीड 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है।

इन जिलों में आंधी बारिश का येलो अलर्ट
वहीं मौसम विभाग ने अलवर, डीग, झुंझुनू, खैरथल तिजारा, कोठपुतली बहरोड़, सीकर, बालोतरा, बाड़मेर, चुरू, डीडवाना कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, श्री गंगानगर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की स्पीड 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। कल भी राज्य के कई हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।