सीहोर: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के अंतर्गत दोराहा थाना क्षेत्र के सोनाकच्छ टोल प्लाजा के पास आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. कोटा से नागपुर की ओर जा रहे अमोनिया गैस से भरे एक टैंकर में अचानक रिसाव शुरू हो गया. गैस रिसाव की खबर मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत एक्शन में आईं और समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया. राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है.
पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए टोल टैक्स पर ही टौंकर को रुकवाया
दोराहा थाना पुलिस को जैसे ही अमोनिया गैस के रिसाव की सूचना मिली, उन्होंने अदम्य साहस और फुर्ती दिखाते हुए टोल टैक्स के पास ही टैंकर को रुकवाया और तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. जहरीली गैस के फैलाव को रोकने के लिए एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों को तत्काल मौके पर तैनात किया गया.
एसडीओपी पूजा शर्मा ने बताया कि गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने मोर्चा संभाल लिया था. रिसाव को पूरी तरह से बंद करने और स्थिति को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार तकनीकी प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं स्थिति अभी पूरी तरह नियंत्रण में है.
अमोनिया गैस जैसी दमघोंटू गैस को आबादी में फैलने से रोका
बताया गया है कि अमोनिया गैस बेहद तीखी और दमघोंटू होती है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की सजगता के कारण इसे आबादी क्षेत्र में फैलने से पहले ही रोक दिया गया. इस सूझबूझ भरे ऑपरेशन की वजह से एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और हाइवे पर मौजूद राहगीरों व स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली.