नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने 5 राज्यों में राज्यसभा चुनाव और एक राज्य में उपचुनाव के लिए अपने 11 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। इसमें राजस्थान से सतीश पूनिया और मध्य प्रदेश से तरुण चुघ का भी नाम है।
गुजरात के 4 प्रत्याशियों के ये हैं नाम
बीजेपी ने मध्य प्रदेश से तरुण चुग के अलावा रजनीश अग्रवाल को भी टिकट दिया है। वहीं, गुजरात से पार्टी ने 4 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। इनमें राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार, जीतेंद्र मेघजीभाई कंजारिया शामिल हैं।
मणिपुर-अरुणाचल से भी कैंडिडेट का ऐलान
मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के अलावा मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश से भी प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है। मणिपुर से जहां शारदा देवी को टिकट मिला है तो वहीं, अरुणाचल प्रदेश से ताई तागाक को उतारा गया है। इन 5 राज्यों में होने वाले राज्यसभा चुनावों के अलावा ओडिशा में भी राज्यसभा उपचुनाव होने हैं। यहां से बीजेपी ने देवाशीष सामंतराय को टिकट दिया है।
गुजरात का कुछ ऐसा है गुणा-गणित
गुजरात में बीजेपी के प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है। दरअसल, गुजरात में कुल 182 विधानसभा सीटें हैं। इनमें बीजेपी के 161 विधायक हैं। कांग्रेस ने 12 विधासभा में जीत दर्ज की थी। वहीं, 4 विधानसभा में AAP के विधायक हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी आराम से इन चारों राज्यसभा सीटों पर जीत दर्ज कर लेगी। इन चार सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होने हैं। नामांकन की आखिरी तारीख 8 जून है।