पंचकुलाः हरियाणा के तीन आईएएस अफसर की कोठियों पर छापेमारी की गई है. नोएडा की निजी कंपनी सहित 6 ठिकानों पर छापेमारी हुई है. यह छापेमारी सीबीआई की तरफ से संपत्ति की जांच के लिए की गई है. रविवार देर रात सीबीआई ने चंडीगढ़, पंचकूला और दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में 6 जगह पर छापेमारी की. हरियाणा सरकार के आठ विभागों तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के दो विभागों के सरकारी फंड में कथित गड़बड़ी मामले को लेकर की रेड की गई. सीबीआई ने हरियाणा केडर के आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल, मोहम्मद शाइन, प्रदीप कुमार और आईएफएस नवनीत कुमार श्रीवास्तव के आवास पर छापेमारी की है. सूत्रों के अनुसार पंचकूला के डीएलएफ वैली में प्रदीप कुमार के घर में छापेमारी की गई. लेकिन प्रदीप कुमार वहां नहीं मिले.
सीबीआई को छापेमारी के दौरान मिले कई अहम सबूत
छापेमारी के दौरान केंद्रीय जांच एजेंसी ने कई दस्तावेज जब्त किए हैं. इन दस्तावेजों की जांच के बाद घोटाले में अधिकारियों की भूमिका को लेक नए खुलासे हो सकते हैं. सीबीआई ने पंचकूल, चंडीगढ़ और नोएडा में छापेमारी का अभियान चलाया. मामले में जांच एजेंसी ने पहली बार आईएएस अफसरों के घर छापा मारा है. बता दें कि हरियाणा की सैनी सरकार ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17ए के तहत राज्य के पांच आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवार, विनीत गर्ग, मोहम्मद शाइन, आरके सिंह और प्रदीप कुमार की भूमिका की जांच के लिए सीबीआई को अनुमति दी है.
इन दो IAS को निलंबित कर चुकी है सरकार
वहीं राज्य सरकार पहले ही आरके सिंह और प्रदीप कुमार को निलंबित कर चुकी है. हालांकि इससे पहले राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो इस घोटाले की जांच कर रहा था. इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय भी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की अलग से जांच कर रहा है. सूत्रों का यह भी कहना है कि सीबीआई ने तीन अन्य आईएएस अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए भी अनुमति मांगी है.