मध्य प्रदेश में मॉनसून की होगी धुआंधार एंट्री, प्री-मॉनसून ने पूरा किया किया जून का कोटा

भोपाल:मध्य प्रदेश में अभी मॉनसून आया नहीं है, लेकिन उससे पहले प्री-मॉनसून ने जून का बारिश का कोटा पूरा कर दिया है. प्री मॉनसून में ही मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भारी तबाही देखने मिली है. आंधी बारिश से कहीं पेड़ गिरे, कहीं टावर तो कहीं बिजली गिरने से लोगों और मवेशियों की मौत तक हुई. जबकि मध्य प्रदेश में अभी मॉनसून की एंट्री होना बाकी ही है. बताया जा रहा है कि 15 जून तक प्रदेश में मॉनसून दस्तक दे सकता है, पिछली बार 16 जून को मॉनसून आया था.

मानसून से पहले ही जून का कोटा पूरा

मॉनसून की एंट्री से पहले ही प्री मानसून ने मध्य प्रदेश में अपना खूब रंग दिखाया. जून के शुरुआत से ही प्री मॉनसून एक्टिव रहा, इसका अंदाजा आप इस बात से ही लगा सकते हैं, कि जून महीने में कोटे की 65 प्रतिशत बारिश ज्यादा हो चुकी है. एमपी में औसत आधा इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक इस वक्त नार्मल 8.3 एमएम के अपेक्षा एवरेज 13 एमएम ज्यादा बारिश दर्ज हो चुकी है.

जिसमें भोपाल, शाजापुर, आगर मालवा में पहले से 2 इंच बारिश हो चुकी है. वहीं नीमच में 2.5 इंच बारिश दर्ज की गई है. जबकि सीधी, सतना, बुरहानपुर, हरदा, रायसेन, नीमच, राजगढ़, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर और सीहोर में 1 इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है.

मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि “बीते रविवार यानि 7 जून को मॉनसून महाराष्ट्र पहुंच चुका है. अगर मध्य प्रदेश की बात करें तो यह 15 से 17 जून के बीच पहुंच सकता है. मॉनसून मध्य प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों जैसे बालाघाट, डिंडौरी, मंडला और शहडोल संभाग से एंट्री ले सकता है.” मौसम विभाग ने सोमवार को चंबल अंचल के ग्वालियर, मुरैना, दतिया, भिंड, श्योपुर में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

वहीं इसके अलावा भोपाल, सीधी, मऊगंज, सिंगरौली, सागर, दमोहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, सिवनी, पांढुर्ना, छिंदवाड़ा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, बड़वानी और खरगौन में भी आंधी बारिश की आंशका जताई है. आने वाले मानसून को लेकर प्रशासन ने ग्रामीणों क्षेत्रों और किसानों को लेकर अलर्ट रहने के लिए कहा है, बिजली गिरने की घटनाओं के दौरान वे पेड़ के नीचे या खुले आसमान के नीचे न जाएं, बल्कि सुरक्षित स्थान पर शरण लें.