IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मुकाबला महज 3 दिन में ही खत्म हो चुका है. टीम इंडिया ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहली पारी में 564 रनों का पहाड़ खड़ा किया था. जवाब में अफगानिस्तान की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. 300 रन से मुकाबले को जीतकर भारत ने अपने टेस्ट इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली है. पहली पारी में अफगानिस्तान की टीम 152 के स्कोर पर सिमट गई जबकि फॉलोआन में 112 रन ही बनाने में कामयाब हुई.
भारत की शानदार बैटिंग
टीम इंडिया ने इस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की. यशस्वी जायसवाल का बल्ला नहीं चला, लेकिन केएल राहुल ने एक छोर संभालकर अफगानिस्तान को पापड़ बेलने पर मजबूर कर दिया. उन्होंने 100 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके देखने को मिले. वहीं, साई सुदर्शन ने उनका साथ दिया, लेकिन 81 के स्कोर पर आउट हो गए. फिर बैटिंग करने आए शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला और 126 रन की पारी खेली, उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और एक छक्का जमाया.
मिडिल ऑर्डर भी दिखा मजबूत
सिर्फ टॉप ऑर्डर ही नहीं बल्कि मिडिल ऑर्डर में भी टीम इंडिया की बैटिंग मजबूत दिखी. ऋषभ पंत भी शानदार लय में थे, लेकिन 81 रन के स्कोर पर एक खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे. 7वें नंबर पर आए ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने भी अपनी काबीलियत दिखाई और 52 रन की पारी खेली. मानव सूथर ने 28 और सिराज ने 22 रन की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 564 तक पहुंचाया और भारत ने अपनी पारी घोषित की.
मानव के आगे फेल हुए मेहमान
जब बारी गेंदबाजी की आई तो डेब्यूटेंट मानव सूथर के सामने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए. उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट अपने नाम किए. 3 विकेट प्रसिद्ध कृष्णा और एक विकेट सुंदर के खाते में आया. दूसरी पारी में बॉलिंग के दौरान सूथर को एक विकेट मिला. कुलदीप यादव ने 3, वाशिंगटन सुंदर ने 4 विकेट लेकर मेहमान टीम को समेट दिया.