मुजफ्फरनगर में युवक का शव गांव के बाहर मिला: जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव में एक युवक का शव गांव के बाहर खेत में मिला है। युवक की पहचान ताजपुर निवासी संदीप कुमार पुत्र विजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है।

जानकारी के अनुसार, संदीप के पिता विजेंद्र सिंह ने आज सुबह 11 बजे बरला चौकी पहुंचकर चौकी प्रभारी तूफान सिंह को बताया था कि उनका बेटा कल सुबह से लापता है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए छानबीन शुरू की थी।

इसी बीच, कुछ राहगीरों ने छपार थाने को सूचना दी कि गांव के बाहर एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक तूफान सिंह और हेड कांस्टेबल राधेश्याम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के परिजनों ने संदीप के भाई के ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की पड़ताल में जुटी है।