बिहार के 32 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तांडव मचाने के लिए तैयार है मानसून

पटना:बिहार में मानसून की एंट्री होने वाली है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राज्य के 32 जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार 12-15 जून के बीच बिहार में मानसून की एंट्री हो जाएगी. इसका असर अभी से दिखने लगा है. बीते दो दिनों से कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है.

उत्तर और पूर्वी बिहार में ऑरेंज अलर्ट: मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, समस्तीपुर, वैशाली, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, सारण, सिवान और गोपालगंज में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन सभी जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ वज्रपात की भी संभावना है.

इन छह जिलों में भारी बारिश:ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के अंतर्गत किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल और मधुबनी में विशेष रूप से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी और वज्रपात भी होगी. इन इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

पटना और दक्षिण बिहार में येलो अलर्ट: दूसरी तरफ, राजधानी पटना समेत बेगूसराय, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, गया और जहानाबाद में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में आंधी-तूफान के साथ वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

कल कैसा रहेगा मौसम:मौसम विभाग ने पूरे राज्य में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. इसमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर जिले में भारी बारिश की संभावना है. आधे बिहार में ऑरेंज अलर्ट तो आधे में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

आंधी-बारिश से मौत: सीतामढ़ी के रीगा प्रखंड के रेवासी गांव में सोमवार देर रात तेज आंधी-बारिश के दौरान फूस के मकान पर पीपल का पेड़ गिरने से सिकंदर सहनी के परिवार के पांच सदस्यों की दबकर मौत हो गई. धनुषी टोला में हुई इस दर्दनाक घटना में पत्नी पूजा देवी (28), तीन बच्चों और एक नवजात की जान चली गई.