उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां हनीमून पर जाने के बाद दूल्हा-दुल्हन के बीच विवाद पैदा हो गया. मैट्रीमोनियल वेबसाइट से युवक को एक लड़की मिली. दोनों ने बाद में शादी कर ली. लेकिन प्राइवेसी नहीं मिलने के चलते दुल्हन परेशान हो गई. दुल्हन जब अपने पति के साथ हनीमून पर गई तो लड़के का पूरा परिवार भी उसी के साथ चला गया. हनीमून पर भी ससुराल वालों ने उसे अकेले नहीं छोड़ा. इस बात पर दुल्हन भड़क गई और घर वापस आते ही उसने पति से तलाक मांग लिया.
शादी के बाद दुल्हन को नहीं मिल रही थी प्राइवेसी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पूरा मामला बहूसमा थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार इलाके के रामराज निवासी लड़की और दिल्ली के पटेल नगर में रहने वाले लड़के की एक वेबसाइट पर मुलाकात हुई थी. यहीं पर दोनों के बीच दोस्त हो गई. दोनों की दोस्ती फिर प्यार में बदल गई. इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया. परिवार की रजामंदी के बाद दोनों सात फेरों से शादी के बंधन में बंध गए. लेकिन ससुराल आने के बाद दुल्हन को प्राइवेसी नहीं मिल पा रही थी. ससुराल वाले बहुत डिस्टर्ब करते थे.
हनीमून पर चले गए सास-ससुर और देवर-ननद
दुल्हन ने जब दूल्हे के साथ हनीमून जाने का प्लान बनाया तो ससुराल वालों ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा. हनीमून पर सास-ससुर, देवर-ननद भी दुल्हन के साथ पहुंच गए. यहां पति और पत्नी के विवाद होने लगा. हनीमून पर ससुराल वालों के साथ जाने से दुल्हन को अपने पति के साथ समय बिताने का मौका नहीं मिला. पूरा परिवार हनीमून से वापस जब घर आया तो दूल्हा-दुल्हन के बीच झगड़ा और बढ़ गया. बात-बात पर ससुराल वालों की दखलअंदाजी से दुल्हन परेशान हो गई और उसने पति से सीधे तलाक मांग लिया.
काउंसलिंग से नहीं बनी बात, अब होगा तलाक
दुल्हन ने ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत करते हुए रिपोर्ट लिखवाई. पुलिस ने मामला दो परिवारों का होने के कारण केस को परिवार परामर्श में ट्रांसफर कर दिया. दुल्हन और उसके पति को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया. दुल्हन ने बताया कि हर महिला अपने पति के साथ कुछ देर अकेले में समय बिताना चाहती है. हनीमून पर भी वह अकेले नहीं थे. पति का कहना है कि वह पूरे परिवार को खुश रखने के लिए ही सबके साथ लेकर गया था. पति को लगता है कि उसने कुछ गलत नहीं किया है. दूल्हा-दुल्हन के बीच काउंसलिंग कराने के बाद भी बात नहीं बन पाई है. अब मामला तलाक तक पहुंच गया है.