Abhishek Banerjee: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही टीएमसी में भगदड़ मची है. टीएमसी टूटने के कगार पर खड़ी है. पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) को बड़ा झटका देते हुए सुष्मिता देव ने राज्यसभा सांसद पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति को सौंपा है. सुष्मिता देव को ममता बनर्जी का भी करीबी माना जाता है. वहीं, दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से मिलने पहुंचे हैं.
एक हफ्ते के अंदर दो राज्यसभा सांसदों ने टीएमसी से इस्तीफा दिया है. इससे पहले तृणमूल के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय ने संसद और पार्टी, दोनों से इस्तीफे की घोषणा की थी. राज्यसभा के चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन को लिखे एक पत्र में सुष्मिता देव ने कहा कि मैं इसके जरिए राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देती हूं, जिसे कृपया तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए. उन्होंने असम के सीएम हेमंता विस्वा सरमा से भी मुलाकात की. सुष्मिता देव साल 2021 में कांग्रेस छोड़कर तृणमूल में शामिल हुईं थी. पार्टी को छोड़ने के बाद उन्होंने जनसेवा का नया अध्याय शुरू करने की बात कही थी.
सुखेंदु शेखर रॉय ने छोड़ी थी पार्टी
इससे पहले राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय ने भी इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने अपने बयान में कहा, पश्चिम बंगाल की नई चुनी हुई राज्य सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने के लिए पहले ही काम शुरू कर दिया है. राज्य के सर्वांगीण विकास और प्रगति के लिए कई कार्यक्रम शुरू किए हैं. मैं हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में राज्य की जनता के इस भारी जनादेश को स्वीकार करता हूं और राज्यसभा के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा देता हूं.
राहुल गांधी से मिले अभिषेक बनर्जी
वहीं, दूसरी तरफ TMC सांसद अभिषेक बनर्जी दिल्ली में 10, जनपथ पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की. इससे पहले TMC की चेयरपर्सन ममता बनर्जी ने कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी से मुलाकात की थी. ये मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब ये चर्चा हो रही है कि टीएमसी का विलय कांग्रेस में हो सकता है.