उरी में अचानक फटा हैंड ग्रेनेड; LOC के पास ब्लास्ट में दो जवान शहीद

Uri Blast: उरी से एक बुरी खबर सामने आई है, कमलकोट सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल के पास एक कैंप में हैंड ग्रेनेड के अचानक फटने से भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए हैं. यह घटना उस समय हुई जब वे अपनी ड्यूटी पर तैनात थे. ग्रेनेड फटने के बाद वो बुरी तरह जख्मी हुए थे और उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया. जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया लेकिन जवानों ने दम तोड़ दिया.

ये दोनों जवान महाराष्ट्र के रहने वाले थे. यह धमाका LoC के पास बेहद संवेदनशील कमलकोट सेक्टर में हुआ, जहां बारूदी सुरंगों (लैंडमाइन्स) और बिना फटे विस्फोटक पदार्थों की मौजूदगी से लगातार बड़ा खतरा बना रहता है. धमाका कैसे हुआ, इसके पीछे की क्या वजह है, इसकी जांच चल रही है. सेना के अधिकारी घटना के सभी पहलुओं की जांच करने में जुटे हुए हैं.