राजस्थान में नाबालिग के धर्मांतरण के प्रयास पर तनाव, सड़कों पर उतरे लोग

उदयपुर। राजस्थान में राजसमंद जिले के भीम कस्बे में नाबालिग किशोरी के कथित अपहरण और धर्मांतरण के प्रयास के मामले को लेकर गुरुवार को तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

हिंदू संगठनों के आह्वान पर भीम कस्बा पूरी तरह बंद रहा, जबकि सुजाजी चौक स्थित हनुमान मंदिर के बाहर हजारों लोगों ने महापड़ाव डालकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने तथा मामले में कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

जानकारी के अनुसार समुदाय विशेष के एक युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदू समाज की एक नाबालिग किशोरी से संपर्क स्थापित किया। आरोप है कि बाद में युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाया गया।

मामले की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों ने विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को डिटेन किया है।

हिंदू संगठनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि मामले में गंभीरता नहीं दिखाई गई और आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी विरोध में कस्बे के व्यापारियों ने स्वेच्छा से बाजार बंद रखा। फल-सब्जी मंडी सहित अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि मेडिकल स्टोर, अस्पताल, एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने भीम कस्बे को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। सात थाना क्षेत्रों का पुलिस जाब्ता और आठ थाना अधिकारी विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात किए गए हैं। उपखंड अधिकारी और डीवाईएसपी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक धरना जारी था।