ट्रंप के एक सिग्नल से लगी ₹10 लाख करोड़ की लॉटरी, खूब दहाड़ा भारत का शेयर बाजार, ताकतवर हुआ रुपया

India Share Market: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान युद्ध पर मिले एक सिग्नल के बाद भारत का शेयर बाजार आज खूब दहाड़ा है. शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. BSE SENSEX 12 जून को 2.30 % की तेजी के साथ 1,695.41 अंक चढ़कर 75,527.95 अंक पर बंद हुआ. जबकि Nifty 50 461 प्वाइंट की तेजी के साथ 23,622.90 अंक पर बंद हुआ. बीएसई के 30 में से 28 शेयर तेजी के साथ बंद हुए.

कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन निवेशकों ने 10 लाख करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. BSE-लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपये के इजाफे के साथ 462 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. सिर्फ बाजार ही नहीं उछला, आज भारतीय करेंसी रुपये से भी खूब ताकत दिखाई. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आज रुपया 60 पैसे मजबूत हुआ और 95.25 पर बंद हुआ.

आज क्यों चढ़ा भारतीय शेयर बाजार
भारतीय शेयर बाजार में तेजी की आज सबसे बड़ी वजह अमेरिका-ईरान युद्ध को लेकर आई खबर रही है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम को लेकर बड़ा ऐलान किया. ट्रंप ने शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध खत्म कर दिया है. उन्होंने वर्चुअल रैली के दौरान ये बात कही है.उन्होंने दावा किया कि ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने नई डील को मंजूरी दे दी है और रविवार को दोनों शांति समझौते को साइन करेंगे. इस खबर ने निवेशकों को डर को कम कर दिया और बाजार में भारी खरीदारी देखी गई.

तेल का जोश भी हुआ ठंडा
ट्रंप के इस ऐलान का असर कच्चे तेल के दामों पर भी दिखा है. कच्चे तेल की कीमतें 90 डॉलर से नीचे खिसक गई है. ब्रेंट क्रूड ऑयल 4% फीसदी गिरकर $87 प्रति बैरल पर पहुंच गया है. वहीं WTI क्रूड ऑयल 4% की गिरावट के साथ $83 प्रति बैरल पर फिसल गया है. होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते तेल की सप्लाई जून में 50 फीसदी बढ़ने की खबर ने तेल के दाम को गिरा गया. वहीं अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते से बाजार पर सकारात्मक असर दिखा.