नई दिल्ली : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों के लिए तत्काल मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले दो घंटे के दौरान दिल्ली और पूरे एनसीआर क्षेत्र में धूलभरी आंधी के बाद गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।
बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है।
हरियाणा और यूपी के हिस्से भी शामिल
चेतावनी में हरियाणा के कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, पानीपत, हिसार, रोहतक, सोनीपत, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल, नूंह और नारनौल समेत कई जिलों को शामिल किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के शामली, कांधला, बड़ौत, बागपत, खेकड़ा, नंदगांव और बरसाना क्षेत्रों में भी मौसम अचानक बदलने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में भी बारिश का पूर्वानुमान
इसके अलावा राजस्थान के अलवर, भरतपुर, डीग, बयाना, झुंझुनूं, खैरथल, कोटपूतली, राजगढ़ और महंदीपुर बालाजी सहित कई इलाकों में भी तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
लोगों से घरों में रहने की अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। प्रशासन को भी संभावित मौसमीय प्रभावों को देखते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।