देहरादून से उत्तरकाशी तक मौसम ने बदली करवट, ऋषिकेश में उड़े छप्पर

देहरादून : उत्तराखंड में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत तो मिली है, लेकिन मौसम का यह बदला हुआ मिजाज अपने साथ-साथ आफत भी लेकर आया है. भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज यानी 13 जून 2026 को उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, प्रदेश में मौसम के बिगड़ते तेवरों को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी कर दिया गया है. राज्य के मैदानी इलाकों से लेकर ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है, जिसके कारण अगले 24 घंटों के भीतर सूबे के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि, मौसम विभाग का यह भी कहना है कि इस राहत के बाद आने वाले 3 से 4 दिनों में तापमान फिर से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.
मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, 13 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे सीमांत और ऊंचाई वाले जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. सबसे बड़ी बात यह है कि पहाड़ों में 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी पूर्वानुमान जताया गया है, जिससे जून के महीने में भी कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगा है. वहीं, राज्य के शेष पर्वतीय जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी है. मैदानी जिलों की बात करें तो हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. पूरे प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है.

देहरादून और विकासनगर में तूफान का तांडव, पेड़ गिरने से सहमे लोग
राजधानी देहरादून समेत आसपास के इलाकों में शुक्रवार 12 जून की शाम को अचानक मौसम ने पलटी मारी. दिनभर की चिलचिलाती धूप के बाद दोपहर ढलते ही आसमान में काले बादल छा गए और विकासनगर, चकराता और मालदेवता सहित आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई. इस अचानक हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है और मौसम सुहाना हो गया है. देहरादून के बीजापुर गेस्ट हाउस के पास एक विशाल पेड़ सड़क किनारे खड़े ऑटो पर जा गिरा, गनीमत रही कि उस समय ऑटो में कोई सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. मौसम विभाग ने देहरादून में आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा है.

ऋषिकेश में आंधी का कहर, उड़े दुकानों के छप्पर
तीर्थनगरी ऋषिकेश और आसपास के इलाकों में 12 जून की शाम आए भयंकर आंधी-तूफान और बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. तेज तूफान की वजह से कई दुकानों के छप्पर और छतों पर रखे टीन शेड हवा में उड़ गए. जगह-जगह पेड़ और टहनियां टूटने के कारण बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई और लोगों को अंधेरे में रात काटनी पड़ी. इस प्राकृतिक आपदा का सबसे बड़ा असर स्थानीय बागवानों पर पड़ा है. आंधी के कारण लीची और आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, पेड़ से फल टूटकर गिर गए हैं जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है.

उत्तरकाशी और चमोली में जनजीवन प्रभावित, बद्रीनाथ में सबसे कम तापमान
उत्तरकाशी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है. ग्राम पंचायत बासुंगा में तेज हवाओं के चलते जूनियर हाई स्कूल के भवन की छत को भारी नुकसान पहुंचा है. उधर, चमोली जिले के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में चमोली के बद्रीनाथ जी में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.1°C दर्ज किया गया है. वहीं, हरिद्वार के रुड़की में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.0°C रिकॉर्ड किया गया है. पहाड़ों में हो रही इस लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है.

कुमाऊं के बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अलर्ट, पंतनगर और नैनीताल में तेज हवाएं
कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी मौसम विभाग ने 13 जून को तेज बारिश और गर्जन का अनुमान लगाया है. पिछले 24 घंटों के दौरान कुमाऊं के कई हिस्सों में तेज हवाएं रिकॉर्ड की गईं. मौसम विभाग के अनुसार, पंतनगर में 46 किमी प्रति घंटा, चम्पावत में 43 किमी प्रति घंटा और मुक्तेश्वर व नैनीताल के ज्योलीकोट में 35 से 37 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलीं. बागेश्वर, कपकोट और गरुड़ में भी गरज-चमक के साथ बारिश की खबरें हैं. कोट और गरुड़ में भी गरज-चमक के साथ बारिश की खबरें हैं.

14 जून: राज्य के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर और हरिद्वार व उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं हल्की बारिश और 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
15 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश होगी, जबकि शेष पर्वतीय जिलों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं. हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम पूरी तरह शुष्क (साफ) हो जाएगा.

16 से 18 जून: इन दिनों में भी केवल पांच पांच पर्वतीय जिलों (उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़) में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि मैदानी जिलों में मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी.फ्फरपुर, बेगूसराय 40 मिनट में