‘मैं पिशाचिनी हूं…’ सपना चौधरी का क्रिप्टिक पोस्ट बना इंटरनेट सेंसेशन, पति को मारा ताना? कहा- क‍िया तो भुगतोगे’

Sapna choudhary Cryptic Post: हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं. हाल ही में आई उनकी शादीशुदा जिंदगी की खबरों ने फैंस को काफी हैरान कर दिया है. सपना चौधरी ने अपने पति वीर साहू पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है. मामला दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति ने कई बार उनके साथ मारपीट की है. मामले की अगली सुनवाई जुलाई में होनी है.

सपना चौधरी ने पति वीर साहू से चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर 3 क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किए हैं, जो काफी चर्चा में आ गए हैं. इस पोस्ट के जरिए सपना ने हरे रंग की साड़ी में डांस करते हुए अपना एक वीडियो शेयर किया और साथ ही नेगेटिविटी को नजरअंदाज करने और खुश रहने का मैसेज भी दिया. यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस का ध्यान खींच लिया.

सपना ने पोस्ट में कसा तंज
दिल्ली कोर्ट से अंतरिम राहत मिलने के कुछ दिनों बाद, सपना चौधरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया. हरी साड़ी पहने सपना चौधरी काफी शांत और पॉजिटिव अंदाज में डांस करती नजर आ रही हैं. फैंस का ध्यान केवल सपना के डांस ने ही नहीं, बल्कि उस वीडियो के कैप्शन ने भी खींच लिया. इसके साथ सपना ने कैप्शन में लिखा, “सुनो सखी, कुछ तो लोग कहेंगे, वरना बेचारे जिंदा कैसे रहेंगे. उनका काम है कहना, तुम सब बहरी बन जाओ और अपने चेहरे पर मुस्कान बनाए रखें.”

सपना चौधरी ने खुद को कहा ‘पिशाचिनी’
वहीं दूसरे पोस्ट में सपना ने हरे सूट पहने कुछ तस्वीरें शेयर की हैं. इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “अब तक उसने मुझे माशुका नहीं बोला, शायद मैं उसकी पिशाचिनी हूं.” इस पोस्ट को सपना ने रविवार को पोस्ट किया था. वहीं तीसरे पोस्ट में सपना ने ब्लैक एंड व्हाइट साड़ी में कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “दूसरों की कमियां निकालकर अपने किरदार को अच्छा बनाना आजकल ट्रेंड में है. लेकिन मैं बदले में यकीन नहीं करती… कहीं का किया, कहीं तो भुगतोगे ही!”

जुलाई में होगी अगली सुनवाई
बता दें कि सपना चौधरी को हाल ही में दिल्ली की द्वारका महिला अदालत से बड़ी अंतरिम राहत मिली है. इस हफ्ते हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने उनके पति वीर साहू के खिलाफ सख्त निर्देश जारी किए. अदालत के आदेश के मुताबिक, अगली सुनवाई तक वीर साहू को सपना से संपर्क करने से रोक दिया गया है. उन्हें सपना के घर, कार्यस्थल या उनके काम से जुड़े किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में जाने से भी मना कर दिया गया है. यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है और इस मामले में अगली सुनवाई 25 जुलाई को तय की गई है.