पंजाब के बाद हरियाणा समेत ये बड़े शहर भी खालिस्तानियों के निशाने पर, ईमेल भेजकर किया अपने मंसूबो का इजहार

Latest Threat from Khalistani Terrorists to India: सुरक्षा एजेंसियां देश के खिलाफ होने वाले एक बड़े हमले को रोकने के लिए मल्टी एजेंसी टास्क फोर्स बनाकर उस होने वाले खतरे को रोकना चाहती है. जिसको अंजाम देने वाले पाकिस्तान, कनाडा, अजरबैजान समेत दूसरे देशों में बैठे हुए है. ये लोग भारत के खिलाफ कम उम्र के लड़कों की एक ऐसी आर्मी तैयार कर रहे है. जिनको सुरक्षा एजेंसियों ने फुट सोल्जर का नाम दिया है. 17 से 25 साल उम्र के ऐसे लड़के है जिनमे से ज्यादातर लोगों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होता है. क्या है ISI और खालिस्तानी नेशनल आर्मी का ‘ऑपेरशन टेंपल’. आइए इस बारे में आपको बताते हैं.

देश की सुरक्षा एजेंसियां लगातार मिल रहे इनपुट के बाद एक ईमेल के बाद हाई अलर्ट पर है. ईमेल हरियाणा के पंचकुला में बने सचिवालय के मेयर समेत पंजाब को आया था, जिसमे 4 जून को पंजाब सचिवालय में दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच बम धमाके की चेतावनी दी गई थी.

कई मंदिरों को उड़ाने की दी गी धमकी
धमकी भरे ईमेल में पंजाब, चंडीगढ़ और अंबाला-दिल्ली मार्ग पर यात्रा न करने की बात कही गई है. साथ ही कई धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है. ई-मेल में अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर के देवी तालाब मंदिर, बठिंडा के मैसर मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर का नाम भी लिया गया है.

ईमेल में दावा किया गया था, ‘तुम्हारे हिंदू मंदिर निशाने पर हैं. दिल्ली और हरियाणा के लोगों, तुमने 6 जून, 1984 को भिंडरांवाले की मौत पर मिठाइयां बांटी थीं. अब हम इसका बदला तुम्हारे मंदिरों में ब्लास्ट करके लेंगे. इसलिए अपने बच्चों को बचाओ और 5-6 जून को कोई सफर न करो.’

पूरी तलाशी के बाद भले ही धमकी भरे ईमेल को हॉक्स करार दे दिया लेकिन जिस तरह की बातों का ज़िक्र ईमेल में किया गया था उसके बाद देश भर की एन्टी टेरर यूनिट की एक मीटिंग हुई. इसमें आने वाले समय में भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा सोशल मीडिया के ज़रिए तैयार फुट सोल्ज़रों की एक ऐसी आर्मी को माना. जिसको पाकिस्तानी ISI ने शहजाद भट्टी के साथ मिलकर तैयार किया है. अब आपको बताते है कि आखिर कौन होते है फुट सोल्जर.

सुरक्षा एजेंसियों ने बदमाशों को दिया फुट सोल्जर का नाम
सुरक्षा एजेंसियों ने देश भर के उन लड़कों को फुट सोल्जर का नाम दिया है. जिनको सोशल मीडिया के ज़रिए पाकिस्तान की ISI के कहने पर गैंगस्टर शहज़ाद भट्टी और खालिस्तानी आतंकियों ने अपने गैंग में रिक्रूट किया हुआ है.उनके ज़रिये पंजाब के थानों पर हैंडग्रेनेड और पुलिस वालों पर हमला करवाया है. इन फुट सोल्ज़रों के पास हथियारों की बड़ी खेप सरहद पार से ड्रोन के जरिए पहुंचाई जाती है.

सूत्रों के मुताबिक देश भर में ऐसे फुट सोल्ज़रों की संख्या करीब 1500 तक पहुंच गई थी, जिसके बाद देश के खुफिया विभाग ने NIA, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, यूपी ATS, महाराष्ट्र ATS, गुजरात ATS, हरियाणा STF, राजस्थान ATS समेत देश भर की एन्टी टेरर यूनिट की मीटिंग हुई. फिर देश भर के कई राज्यों में एक साथ ‘ऑपेरशन बाउंड डाउन’ चलाया गया, जिसके तहत अलग अलग राज्यों से 1000 से ज्यादा लड़कों को पकड़ा गया. उनकी देश विरोधी गतिविधियों के बारे में उनके परिवार समेत उनके जानने वालों को बताया गया और एक अंडरटेकिंग लेकर छोड़ दिया गया.

सुरक्षा एजेंसियां फुट सोल्जर के इस नेटवर्क को गैंगस्टर-टेरेरिस्ट नेक्सस से जोड़कर देख रही हैं. जांच कर रही NIA नें अपनी इन्वेस्टिगेशन में पाया कि खालिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर मिलकर पंजाब हरियाणा समेत दिल्ली में भारी तबाही मचाने की योजना पर काम कर रहे हैं.

पाकिस्तान परस्त गैंगस्टर और आतंकियों ने मिलाया हाथ
सूत्रों के मुताबिक टेरेरिस्ट- गैंगस्टर नेक्सस के निशाने पर पुलिस वालों की टारगेट किलिंग के अलावा कई हिन्दू मंदिर हैं. जिसमे अयोध्या का राम मंदिर, दिल्ली का अक्षरधाम मंदिर, दिल्ली का कालकाजी मंदिर, लोटस टेंपल, समेत नागपुर और दिल्ली का RSS दफ्तर निशाने पर है. सूत्रों के मुताबिक आतंकियों के इस गठजोड़ के निशाने पर पवार हाउस, रेलवे स्टेशन समेत कई महत्वपूर्ण बिल्डिंग भी हैं.

सुरक्षा एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक खालिस्तानी समर्थकों ने अपने मंसूबों को अंजाम देने के लिए खालिस्तानी नेशनल आर्मी को दोबारा एक्टिव किया है. एजेंसियों को शक है कि जिस तरह पंजाब में पुलिस वालों की हत्या और थानों पर हैंड ग्रेनेड से हमले किए जा रहे हैं, उनका सीधा संबंध खालिस्तानी आतंकियों से हो सकता है. इसके अलावा 10 जून को खालिस्तानी संगठन के नाम पर बम धमाकों की धमकी दी गई थी. जिसके बाद पुणे और नागपुर में सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी.

सुरक्षा एजेंसियों धमकी भरे ईमेल की कर रहीं जांच
महाराष्ट्र में भी उस समय हड़कंप मच गया, जब पुणे नगर निगम (PMC) के मेयर कार्यालय, मुंबई स्थित विधान भवन और नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ई-मेल मिला था. यह धमकी भी कथित तौर पर “खालिस्तान नेशनल आर्मी” के नाम से भेजी गई थी. 12 जून को खालिस्तान नेशनल आर्मी ने ईमेल के ज़रिए इसी तरह की धमकी गुजरात CMO को भी भेजी थी.

सुरक्षा एजेंसियां इन ईमेल को बिल्कुल भी हल्के में नहीं ले रही क्योंकि एजेंसियो का मानना है कि कुछ कट्टरपंथी संगठन जानबूझकर ढेरों झूठी धमकी भरे मेल करते है. लेकिन जैसे ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसी थोड़ी लापरवाह हो जाती हैं, ये लोग अपने नापाक मंसूबो को हकीकत में बदलने में देर नहीं लगाते.